India's No.#1 Hindi News Channel

गैंगवार मामले में अनंत सिंह को भेजा गया बेऊर जेल

मोकामा गोलीकांड मामले में पूर्व विधायक अनंत सिंह ने बाढ़ कोर्ट में सरेंडर कर दिया. जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है.

बिहार के मोकामा में बुधवार की शाम को पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव में हुई गोलीबारी मामले में अभियुक्त पूर्व विधायक अनंत सिंह ने बाढ़ कोर्ट में शुक्रवार को सरेंडर कर दिया. जिसके बाद अनंत सिंह को जेल भेज दिया गया है. सोनू-मोनू गैंग और अनंत सिंह समर्थकों के बीच गोलीबारी हुई थी. इस घटना में तीन केस दर्ज किए गए थे. सोनू सिंह को पुलिस ने शुक्रवार की सुबह ही गिरफ्तार किया था.anant singh

अनंत सिंह ने सरेंडर किया, जेल भेजे गए

शुक्रवार को अनंत सिंह ने बाढ़ कोर्ट में सरेंडर किया. जिसके बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी कोर्ट परिसर पहुंचे. इधर, पुलिसबलों की हलचल भी कोर्ट परिसर में तेज हो गयी. भारी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे. कोर्ट में सरेंडर करने के बाद अनंत सिंह को जेल भेज दिया गया. कड़ी सुरक्षा के बीच अनंत सिंह जेल भेजे गए. उन्हें 14 दिनों की हिरासत में भेजा गया है.

जेल जाने से पहले क्या बोले अनंत सिंह?

अनंत सिंह ने इस दौरान मीडिया से भी बातचीत की. सरेंडर करने और जेल भेजे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार का नियम होता है जिसका हम पालन कर रहे हैं. किसी ने अगर मुझपर FIR किया तो हमने सरेंडर कर दिया. अब जेल जा रहे हैं.

क्या है गोलीबारी मामला?

गौरतलब है कि अनंत सिंह और सोनू-मोनू गुट के बीच बुधवार को गोलीबारी हुई थी. इस मामले में तीन एफआइआर दर्ज किए गए थे. अनंत सिंह के ऊपर भी केस दर्ज हुआ था. शुक्रवार को सोनू सिंह की गिरफ्तारी के बाद अनंत सिंह ने भी बाढ़ कोर्ट आकर सरेंडर कर दिया था. वहीं इस घटना के अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. बता दें कि शुक्रवार की सुबह मोकामा के हेमजा गांव में ईंट-भट्टा के मुंशी मुकेश के घर पर फायरिंग हुई तो ये मामला और तूल पकड़ता दिखा. जिसके बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनू सिंह को गिरफ्तार किया था. अब अनंत सिंह भी सरेंडर कर चुके हैं.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.