दिल्ली: बुराड़ी बिल्डिंग हादसे में मृतकों की संख्या हुई 3
नई दिल्ली: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सोमवार शाम को एक चार मंजिला इमारत गिरने से अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है. बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह तक 12 लोगों को राहत एवं बचाव टीम ने बचाया और फिलहाल घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. घटना को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दु:ख व्यक्त किया था.
उनके अलावा सांसद मनोज तिवारी और विधायक संजीव झा भी मौके पर पहुंचे थे और स्थिति का जायजा लिया था. बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा, यह 4 मंजिला इमारत थी और निर्माण पूरा हो चुका था. फिनिशिंग के लिए पीओपी का काम चल रहा था. 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया है. फिलहाल एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है. घायलों को अस्पताल भेजा गया है और बताया जा रहा है कि वे खतरे से बाहर हैं. पुलिस और एनडीआरएफ ने कहा है कि अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है. हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन अभी हमारी प्राथमिकता सभी लोगों को बचाना है.
ऐसे मिली सूचना: डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि यह बिल्डिंग हाल ही में बनी थी और करीब एक से डेढ़ साल पहले इसका निर्माण शुरू हुआ था. इसमें कोई स्थायी निवासी नहीं था, केवल श्रमिकों का आना-जाना था. घटना की जांच की जाएगी और बिल्डर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सोमवार शाम करीब 6:52 बजे पीसीआर कॉल आई थी कि कौशिक एन्क्लेव, बुराड़ी में एक बिल्डिंग गिर गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान कौशिक एन्क्लेव में स्थित एक चार मंजिला बिल्डिंग का ढहना पाया गया, जिसपर टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
दिल्ली सीएम ने जताया दु:ख: इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री ने X पर लिखा, “बुराड़ी में इमारत गिरने की यह घटना बेहद दुखद है. मैंने स्थानीय प्रशासन से बात की है कि राहत और बचाव कार्य तेजी से सुनिश्चित किया जाए, प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाएगी.” वहीं अरविंद केजरीवाल ने भी X पर लिखा कि यह घटना बेहद दुखद है. बुराड़ी से हमारे विधायक संजीव झा को निर्देश दिए हैं कि तुरंत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वहां जाकर राहत और बचाव कार्य में प्रशासन की मदद करें. स्थानीय लोगों की भी हर संभव सहायता करें.
Comments are closed.