India's No.#1 Hindi News Channel

दिल्ली में घने कोहरे की वजह से लेट हुईं 150 से ज्यादा फ्लाइट्स, जानें अब एयरपोर्ट पर कैसे हैं हालात

दिल्ली एयरपोर्ट ने इससे पहले सुबह 8 बजे भी एक एडवाइजरी जारी की थी और विजिबिलिटी में सुधार होने का अपडेट दिया था।

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर घने कोहरे की वजह से फ्लाइट्स का ऑपरेशन रुका |  Dense Fog Disrupts Flight Operations at Delhi's IGI Airport
दिल्ली में आज सुबह घने कोहरे और प्रदूषित हवा की वजह से काफी खराब विजिबिलिटी दर्ज की गई, जिसकी वजह से रेल और हवाई यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। रविवार को खराब विजिबिलिटी की वजह से दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट की 150 से ज्यादा फ्लाइट्स में देरी हुई। खराब विजिबिलिटी की वजह से दिल्ली से टेक-ऑफ करने वाली और लैंड करने वाली दोनों फ्लाइट्स को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, अब एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी सामान्य हो रही है और फ्लाइट्स ऑपरेशन भी सामान्य होता जा रहा है।

विजिबिलिटी में सुधार, अब सामान्य रूप से चल रही हैं फ्लाइट्स

दिल्ली एयरपोर्ट ने सुबह 9 बजे एक पैसेंजर एडवाइजरी जारी की। एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए जारी की गई इस एडवाइजरी में कहा, ”दिल्ली एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी में सुधार हो रहा है और सभी फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य रूप से चल रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि लेटेस्ट फ्लाइट स्टेटस के लिए अपनी-अपनी एयरलाइन कंपनियों से संपर्क करें।” दिल्ली एयरपोर्ट ने इससे पहले सुबह 8 बजे भी एक एडवाइजरी जारी की थी और विजिबिलिटी में सुधार होने का अपडेट दिया था।

दिल्ली आने-जाने वाली तमाम ट्रेनें लेट

दिल्ली में घने कोहरे और प्रदूषित हवा की वजह से खराब हुई विजिबिलिटी के कारण फ्लाइट्स के साथ-साथ कई ट्रेनें भी लेट हुईं। देश के अलग-अलग हिस्सों से दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें खराब विजिबिलिटी की वजह से लेट हुईं। ऐसे ही, दिल्ली से प्रस्थान करने वाली ट्रेनों में भी देरी हुई। बताते चलें कि आज दिल्ली में सुबह हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और AQI 392 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, शहर के 19 निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। इनमें से आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सबसे खराब (444) रही।

दिल्ली में सुबह 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तापमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था। विभाग के अनुसार, सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 71 प्रतिशत दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.