दिल्ली में कोहरे के कारण कई उड़ानें रद्द, जारी की गई एडवाइजरी
सर्दी के साथ-साथ घने कोहरे का प्रकोप भी उत्तर भारत के ज्यादातर क्षेत्र झेल रहे हैं. ऐसे में दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है, जिसके मुताबिक, सीएटी III के अनुरूप आने वाली उड़ानें प्रभावित होने की बात कही गई है.![दिल्ली में कोहरे के कारण कई उड़ानें रद्द, जारी की गई एडवाइजरी दिल्ली में कोहरे के कारण कई उड़ानें रद्द, जारी की गई एडवाइजरी]()
दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. गलन के साथ ही घने कोहरे का साया बना हुआ है. ऐसे में दिल्ली में घने कोहरे की स्थिति के बीच दिल्ली हवाई अड्डे के अधिकारियों की तरफ से एक एडवाइजरी जारी की गई है. अधिकारियों के मुताबिक, घने कोहरे के कारण कुछ फ्लाइट प्रभावित हो सकती हैं. दिल्ली एयरपोर्ट GMR ने कहा कि जो उड़ानें सीएटी III के अनुरूप नहीं होंगी वे प्रभावित होंगी.
फिलहाल, दिल्ली हवाई अड्डे पर लैंडिंग और टेकऑफ जारी है. इनमें उन्हीं फ्लाइट शामिल हैं जो सीएटी III के अनुरूप नहीं हैं. ऐसी फ्लाइट अपने तय समय के हिसाब से प्रभावित हो रही हैं. आज घने कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी जीरो है. इसी वजह से पायलटो को दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे पर टेक ऑफ और लैंडिंग में मुश्किल आ रही है. कुछ फ्लाइट्स को दिल्ली एयरपोर्ट पर कैंसिल कर दिया गया है. घने कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर डोमेस्टिक और इंटरनेशनल फ्लाइट दोनों ही प्रभावित हैं.
सड़कों पर भी गाड़ियों की रफ्तार धीमी
आज घने कोहरे के कारण सड़कों पर गाड़ियों की स्पीड भी धीमी दिखाई दी. मौसम विभाग की तरफ से कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया था. घने कोहरे के कारण स्पाइजेट ने उड़ानों के प्रभावित होनी की जानकारी दी है. इनके मुताबिक, अमृतसर और गुवाहाटी की ओर से आने वाली सभी उड़ानों पर कोहरे का असर देखने को मिला है, जिस कारण से सभी उड़ानें प्रभावित हुई हैं. एयरलाइंस कंपनियों की ओर से कहा गया है कि इस समय सफर करने वाले सभी यात्री अपनी-अपनी फ्लाइट के टाइम टेबल पर नजर जरूर रखें. साथ ही उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही मौसम बना रहा तो कम विजिबिलिटी में उड़ानों को रद्द भी किया जा सकता है.
सीएटी III क्या है?
सीएटी III (CAT III) एक प्रकार की विमान अप्रोच प्रणाली है. ये खराब मौसम में फ्लाइट को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतारने में मदद करती है. इसका इस्तेमाल विशेष रूप से घने कोहरे या बारिश के मौसम में फ्लाइट्स को उतारने के लिए डिज़ाइन किया गया है.

Comments are closed.