India's No.#1 Hindi News Channel

‘वन मैन शो चल रहा है, CWC मीटिंग में VB-G RAM G योजना पर बोले राहुल गांधी; जानें और क्या कहा?

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में आज मनरेगा की जगह नई योजना लाने पर चर्चा की गई। इस दौरान राहुल गांधी और खरगे सहित तमाम कांग्रेस नेताओं ने इस कार्य की आलोचना की।

राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए आरोप।- India TV Hindi

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलने को लेकर शनिवार को कांग्रेस पार्टी की बैठक हुई। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में आयोजित कांग्रेस कार्य समिति (CWC) बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव केसी वेणुगोपाल, लोकसभा सदस्य शशि थरूर और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल से पूछे बिना, मामले का अध्ययन किए बिना ही मनेरगा को अकेले ही समाप्त कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि आज की स्थिति के बारे में पता चलता है कि ‘वन मैन शो’ चल रहा है। पूरा का पूरा फायदा वही दो-तीन अरबपतियों के लिए है।

अधिकार आधारित अवधारणा थी मनरेगा’

सीडब्ल्यूसी की बैठक में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने VB-G RAM G योजना पर कहा, “मनरेगा सिर्फ एक योजना नहीं थी। मनरेगा अधिकार आधारित अवधारणा थी। मनरेगा से देश में करोड़ों लोगों को एक न्यूनतम मजदूरी मिलती थी। मनरेगा पंचायती राज में सीधा राजनीतिक हिस्सेदारी और फाइनेंस सपोर्ट का साधन था। मोदी सरकार अधिकारों के विचार और संघीय ढांचे पर हमला कर रही है। ये प्रत्यक्ष अधिकार आधारित की जो अवधारणा है उस पर आक्रमण है, राज्यों की जो संघीय संरचना है उस पर भी ये आक्रमण है। राज्यों से केंद्र पैसे छीन रहा है। यह सत्ता का केन्द्रीकरण और फाइनेंस का केन्द्रीकरण है। इससे देश को नुकसान होगा, गरीब जनता को नुकसान होगा।”

‘पीएम ने बिना कैबिनेट से पूछे लिए फैसला’

राहुल गांधी ने आगे कहा, “मुझे बताया गया है कि ये फैसला सीधे तौर पर प्रधानमंत्री कार्यालय से कैबिनेट से बिना पूछे लिया गया है। प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल से पूछे बिना, मामले का अध्ययन किए बिना ही मनेरगा को अकेले ही समाप्त कर दिया। यह राज्यों और गरीब लोगों पर प्रधानमंत्री द्वारा अकेले किया गया एक विनाशकारी हमला है, ठीक उसी तरह जैसे नोटबंदी में हुआ था। इससे आपको आज की स्थिति के बारे में पता चलता है कि ‘वन मैन शो’ चल रहा है। पूरा का पूरा फायदा वही दो-तीन अरबपतियों के लिए है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचेगा। हम इसका विरोध करेंगे, इसके खिलाफ लड़ेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि पूरा विपक्ष इस कार्रवाई के खिलाफ एकजुट होगा।”

‘कांग्रेस पार्टी देश भर में करेगी आंदोलन’

वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “बैठक में हमने शपथ ग्रहण की। हमने MNREGA योजना को केंद्र बिंदु बनाकर पूरे देश में एक बड़ा आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है। इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी, अग्रणी भूमिका निभाते हुए, 5 जनवरी से MNREGA बचाओ अभियान शुरू करेगी। हम महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MNREGA) की हर कीमत पर रक्षा करेंगे। MNREGA सिर्फ एक योजना नहीं है, बल्कि यह भारत के संविधान द्वारा दिया गया काम का अधिकार है। हम MNREGA से गांधी जी का नाम हटाने की हर साजिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का भी संकल्प लेते हैं।”

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.