India's No.#1 Hindi News Channel

बीजेपी ने सैम पित्रोदा के बयान पर उठाए सवाल, राहुल पर दिग्विजय की पोस्ट को लेकर कही ये बात

कांग्रेस में आंतरिक सुधार की मांग को लेकर दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी को टैग करते हुए बदलाव की आवश्यकता जताई है। वहीं, सैम पित्रोदा के बयान पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस को भारत विरोधी वैश्विक साजिश का हिस्सा बताया है।कांग्रेस के चीन के साथ हुए करार का इजहार हो गया... सैम पित्रोदा के बयान पर भड़की बीजेपी | Bjp sudhanshu Trivedi attacked sam Pitroda congress china lac statementकांग्रेस पार्टी में आंतरिक सुधार की मांग और उसके वैश्विक कनेक्शन की खबरों पर नया विवाद छिड़ गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी को टैग करते हुए एक X पोस्ट में पार्टी में बदलाव की जरूरत बताई है। इस पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की किताब का हवाला देकर राहुल गांधी की समझ पर सवाल उठाया। साथ ही, इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा के एक बयान पर त्रिवेदी ने कांग्रेस को भारत विरोधी वैश्विक साजिश का हिस्सा बताते हुए हमला बोला।

‘कांग्रेस में भी चुनाव आयोग की तरह रिफॉर्म की जरूरत’

कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने हाल ही में एक्स पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने राहुल गांधी को सीधे संबोधित करते हुए पार्टी में सुधार की बात कही। दिग्विजय ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर तो आप बढ़िया काम कर रहे हैं। इसके लिए आपको पूरे नंबर मिलते हैं लेकिन अब थोड़ा कांग्रेस पर भी ध्यान दीजिए, क्योंकि कांग्रेस में भी चुनाव आयोग की तरह रिफॉर्म की जरूरत हैं। आपने संघटन सृजन के साथ शुरुआत तो कर दी है लेकिन हमें एक ज्यादा डिसेंट्रलाइज्ड फंक्शनिंग की जरुरत है। मुझे पता है आप करेंगे, क्योंकि आप कर सकते हैं। एकमात्र समस्या यह है कि आपको ‘मनाना’ आसान नहीं है। जय सिया राम..।’

‘दिग्विजय ने राहुल गांधी की समझ पर सवाल नहीं उठाया’

दिग्विजय की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘यह कांग्रेस पार्टी का अंदरूनी मामला है। इसमें कुछ भी बहुत जरूरी नहीं है। दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी की समझ पर सवाल नहीं उठाया। अपनी किताब ‘द प्रॉमिसड लैंड’ के चैप्टर 24 में बराक ओबामा ने लिखा था कि वह एक ऐसे स्टूडेंट की तरह हैं जो अपने टीचर को इंप्रेस करने की जल्दबाजी में कई तरह के हाव-भाव और एक्सप्रेशन देता है, लेकिन उसमें असली ज्ञान और गंभीरता की कमी है। जब कोई अमेरिकी राष्ट्रपति किसी के बारे में कोई राय बनाता है, तो वह बहुत लंबे समय तक अमेरिका के आर्काइव्स में दर्ज हो जाती है। उसके बाद, उन्हें अमेरिका की बड़ी-बड़ी यूनिवर्सिटीज़ ने इन्वाइट किया है। क्या यह हैरानी की बात नहीं लगती? यह राहुल गांधी की सभी विदेश यात्राओं की निष्पक्षता और तटस्थता पर सवाल उठाता है।’

पित्रोदा ने कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा बेनकाब कर दिया’

सुधांशु त्रिवेदी ने इसके बाद इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा के एक हालिया बयान पर भी कांग्रेस को घेरा। त्रिवेदी ने कहा, ‘राहुल गांधी के लंबे समय के सलाहकार सैम पित्रोदा, जो उनके दिवंगत पिता के भी सलाहकार थे और उनकी विचारधारा और सोच के निर्माता हैं, ने अनजाने में कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है। कल एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ‘ग्लोबल प्रोग्रेसिव अलायंस’ नाम के एक गठबंधन का हिस्सा है, और राहुल गांधी इसमें हिस्सा लेने जर्मनी गए थे। यह गठबंधन एक ऐसे संगठन से जुड़ा है जो कई ऐसे संगठनों के नेटवर्क का हिस्सा है जो भारत विरोधी हैं और भारत विरोधी बातें फैलाते हैं। जब सैम पित्रोदा से ग्लोबल प्रोग्रेसिव अलायंस और कांग्रेस के बीच संबंध के बारे में पूछा जाता है, तो वह खुद बताते हैं कि राहुल गांधी इसके प्रेसीडियम में हैं और सैम पित्रोदा इसके सदस्य हैं’

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.