India's No.#1 Hindi News Channel

सगाई के बाद युवती ‘गायब’, सुसाइड नोट छोड़कर गई

सुसाइड नोट लिखने के बाद 13 दिसंबर से ही युवती घर नहीं आई है. इसी साल 21 जुलाई को उसकी सगाई हुई थी. मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

Bihar News Girl Missing After Engagement in Saharsa Left Suicide Note Crime News ANN सगाई के बाद बिहार में युवती 'गायब', सुसाइड नोट छोड़कर गई, होने वाले दूल्हे और उसके पिता पर केस

बिहार के सहरसा की रहने वाली एक युवती सुसाइड नोट लिखने के बाद 13 दिसंबर से गायब है. पिता के नाम लिखे सुसाइड नोट में उसने बताया है कि वे आत्महत्या करने जा रही है. पूरा मामला दहेज प्रताड़ना से जुड़ा हुआ है. इस मामले में लड़की के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

युवती ने सुसाइड नोट में लिखा, “पापा आपने आज तक बहुत कुछ किया मेरे लिए, बहुत प्यार दिया. मैं आपके प्यार का मोल कभी नहीं चुका सकती. मेरी वजह से आपको बहुत परेशान होना पड़ा है. जब से मेरी शादी टूटी है आप और ज्यादा परेशान रहने लगे हैं. मुझे माफ कर देना. अब बर्दाश्त नहीं कर पा रही हूं. मेरी एक आखिरी इच्छा है कि आप रानी-मुस्कान को इतना काबिल बना दो कि कभी कोई लड़का उन दोनों के साथ ये सब ना कर सके.” इसके साथ ही युवती ने और भी बहुत कुछ लिखा है.

21 जुलाई को हुई थी लड़की की सगाई

पूरा मामला सहरसा के नवहट्टा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव का है. बताया जा रहा है कि इसी साल (2024) 14 जुलाई को लड़के वाले लड़की को देखने आए थे. सहरसा के एक रिसोर्ट में 17 जुलाई को लड़के वालों ने लड़की पक्ष से दहेज के तौर पर नकद रुपये भी लिए. इसके बाद 21 जुलाई को सहरसा के एक रिसोर्ट में सगाई हुई. आरोप है कि सगाई के बाद लड़के वालों ने लड़की वालों से कार की डिमांड की. कार नहीं देने पर शादी से इनकार कर दिया. इस मामले में पंचायत हुई लेकिन लड़के वालों ने पंचायत के फैसले को मानने से इनकार कर दिया.

लड़की के चाचा नरेश गुप्ता ने बताया कि सहरसा के चंदन गुप्ता के पुत्र शिवम गुप्ता से उनकी भतीजी की शादी तय हुई थी. 21 जुलाई को दोनों की सगाई भी हुई. उसके बाद वे लोग विवाह की तारीख तय करने के लिए लड़के के पिता के पास गए. वहां उन्होंने कहा कि उनका बेटा शादी के लिए तैयार नहीं है तो इसमें वे क्या कर सकते हैं. इसके बाद मामले को लेकर पंचायत भी हुई लेकिन लड़के वाले शादी को लेकर तैयार नहीं हुए. इस बात से उनकी भतीजी डिप्रेशन में चली गई. सुसाइड नोट लिख कर घर से वो गायब हो गई. अभी तक वो नहीं मिली है.

सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है पुलिस

एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि लड़की के पिता ने आवेदन दिया है. उनकी बेटी सुसाइड नोट लिखकर घर से गायब हो गई है. मामले में लड़की की शादी टूटने की बात सामने आ रही है. इसकी वजह से लड़की और उसका परिवार डिप्रेशन में है. मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.