MP: दो समुदायों के बीच झड़प-पथराव, लहराई गईं तलवारें
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई. भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पुरानी गल्ला मंडी के पास दो पक्षों में विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया. दोनों ओर से जमकर पथराव होने लगा. इतना ही नहीं इस दौरान लोग तलवारें भी लहराते नजर आए. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को छावनी में बदल लिया.

भोपाल में दो गुटों में झड़प
भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी आशीष उपाध्याय ने बताया कि “थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुरानी गल्ला मंडी क्षेत्र में दो दिनों पहले कुछ युवकों के बीच में विवाद हुआ था और मारपीट भी हुई थी. जिस पर एक पक्ष के लोगों को चोट भी आई थी. इसी बात को लेकर सोमवार सुबह भी वह लोग एक दूसरे के सामने आ गए और एक दूसरे पर लाठी डंडों से मारपीट करना शुरू कर दी. दूसरे पक्ष की तरफ से भी डंडे और तलवार बाहर निकल आई.
घटना में 6 लोग घायल
जिस समय यह घटना हुई, उस समय वहां कांग्रेस का एक पैदल मार्च भी निकल रहा था. जो कि घटना स्थल से थोड़ी ही दूरी पर था. पुलिस को जैसे ही वहां लड़ाई झगड़े की खबर मिली, तो पुलिस ने तत्काल भारी संख्या में पुलिस बल को वहां तैनात कर दिया है. मारपीट में लगभग 6 लोग घायल हुए हैं. जिनका इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है.”
छावनी में बदला जहांगीराबाद
थाना प्रभारी ने बताया कि अभी स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में बताई जा रही है. मौके पर पुलिस बल मौजूद है. पूरे क्षेत्र को छावनी में बदल दिया गया है. पुलिस का कहना है कि लोगों के बयान लेने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा.”
Comments are closed.