India's No.#1 Hindi News Channel

सरस्वती पूजा के लिए चंदा दो”, मना करने पर यूनिवर्सिटी में भीड़ गए छात्र, जमकर की तोड़फोड़ और पत्थरबाजी

बिहार के मुजफ्फरपुर की यूनिवर्सिटी में सरस्वती पूजा के चंदे पर जमकर बवाल हुआ। कैंपस में ही छात्रों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई।

बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार यूनिवर्सिटी में बवाल

बिहार: मुजफ्फरपुर की बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार यूनिवर्सिटी में सोमवार को सरस्वती पूजा के चंदे को लेकर जमकर बवाल हो गया। इस दौरान सोशल साइंस विभाग के परिसर में जमकर तोड़फोड़ की गई। छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें ठक्कर बाप्पा हॉस्टल के दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान छात्रों ने कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

छात्रों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद हंगामा कर रहे छात्र वहां से भाग गए। घायल छात्र राजू को अस्पताल में ले जाकर इलाज कराया गया। बताया जा रहा है कि बाहरी छात्रों ने यूनिवर्सिटी परिसर में पत्थरबाजी की। कुछ देर के लिए विश्वविद्यालय परिसर रणक्षेत्र बन गया। सोशल साइंस विभाग में भगदड़ सा माहौल बन गया।

रोक कर सरस्वती पूजा का चंदा मांगा

घायल छात्र राजू कुमार ने बताया कि वह सोसल साइंस डिपार्टमेंट से गुजर रहे थे, तभी 15-20 छात्रों ने उन्हें रोक कर सरस्वती पूजा का चंदा मांगा। मना करने पर छात्रों ने लाठी डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ, कमर और चेहरे पर गंभीर चोट आई। दूसरे घायल छात्र रंजन कुमार की आंख में गंभीर चोट लगी है। दोनों घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

आरोपी ने कर्मचारियों के साथ की बदसलूकी 

आरोपी छात्रों ने कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की और उनकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, विभाग की बिल्डिंग के शीशे भी तोड़ दिए गए। सूचना मिलते ही काजी मोहम्मदपुर थाना और विश्वविद्यालय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।

“जबरन चंदा के नाम पर वसूली हो रही है”

नगर डीएसपी सीमा देवी ने बताया कि बिहार विश्वविद्यालय में कुछ बच्चे सरस्वती पूजा के लिए चंदा मांगने को लेकर आपस मे भीड़ गए। कुछ छात्र को चोट आई है। मामले को संज्ञान में लेते हुए फोर्स तैनात कर दिया गया है। आगे आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जबरन चंदा के नाम पर वसूली हो रही है, इसकी जांच कराएंगे। डीएसपी ने कहा कि छात्र विधि व्यवस्था को खराब न करें। आवेदन नहीं भी प्राप्त होता है तो अपनी तरफ से कानूनी कार्रवाई करेंगे।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.