महाराष्ट्र के ठाणे जिले के घोड़बंदर रोड परिसर स्थित हाइपरसिटी मॉल में मंगलवार अचानक आग लग गई। मॉल के दूसरे माले पर स्थित पूमा ब्रांड के आउटलेट में सुबह लगभग 7:50 बजे अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि यह घटना सुबह के वक्त हुई और मॉल में कोई भी ग्राहक मौजूद नहीं था, जिसके कारण बड़ी दुर्घटना टल गई।
ठाणे नगर निगम के आपदा विभाग को आग की जानकारी मिलते ही तुरंत घटनास्थल पर टीम पहुंची। इसके अलावा, कासरवडवली पुलिस स्टेशन के अधिकारी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग ने एक पिकअप फायर गाड़ी, फायर ऑफिसर, एक रेस्क्यू गाड़ी और एक हाई राइज गाड़ी भेजी। आग बुझाने का कार्य जोर-शोर से चला।
खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में आते हैं लोग
हाइपरसिटी मॉल घोड़बंदर रोड का प्रमुख शॉपिंग डेस्टिनेशन है। आमतौर पर गारमेंट्स और जूते-चप्पल खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं। खासकर घोड़बंदर क्षेत्र को एक हाई-प्रोफाइल इलाका माना जाता है, जहां लोग रोजमर्रा की जरूरी चीजें भी यहां से खरीदते हैं। यदि यह घटना दिन के समय होती और मॉल में ग्राहक होते, तो यह एक बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती थी।
आग लगने की क्या रही वजह? जांच जारी
ठाणे नगर निगम और अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल, आग के कारण का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही इसकी पूरी जानकारी दी जाएगी।
Comments are closed.