खाकी ने निभाया इंसानियत का फर्ज, एएसआई अरविंद दुबे ने बचाई घायल की जान

शहडोल: अक्सर कहा जाता है कि “खाकी किसी की सगी नहीं,” लेकिन जयसिंहनगर में पुलिस ने इस धारणा को गलत साबित कर दिया। टेटका मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में जहां एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान मंत्री की पायलटिंग में जा रहे एएसआई अरविंद दुबे वहां पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए अपनी पुलिस वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक सवार चाचा-भतीजे दुर्घटना का शिकार हो गए। घटना इतनी भयावह थी कि एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा लहूलुहान हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहा था। इसी बीच, मंत्री के काफिले के साथ पायलटिंग कर रहे एएसआई अरविंद दुबे ने बिना देर किए अपनी पुलिस वाहन में घायल को जयसिंहनगर अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। अगर समय रहते घायल को अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता, तो उसकी जान भी जा सकती थी। इस घटना ने साबित कर दिया कि जब ड्यूटी से ऊपर इंसानियत को रखा जाए, तो खाकी भी मसीहा बन सकती है।
Comments are closed.