India's No.#1 Hindi News Channel

रिश्तों पर लगा दाग, बेटों ने पिता को बांधकर नहर में फेंका

जबलपुर में दो बेटों ने अपने पिता की हत्या कर दी. शराब के नशे में रोज मारपीट से तंग आकर उन्होंने पहले पीटा, फिर हाथ बांधकर नहर में फेंक दिया. दोनों गिरफ्तार हो गए हैं.

जबलपुर के अगरिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो सगे बेटों ने अपने ही 55 वर्षीय पिता की हत्या कर दी. आरोप है कि पिता शराब के नशे में आए दिन घरवालों से मारपीट करता था. तंग आकर दोनों बेटों ने पहले तो पिता को पीटा और फिर उनके हाथ बांधकर नहर में फेंक दिया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्होंने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है.

नहर में तैरता मिला था शव

मामला मजहगांव थाना क्षेत्र के अगरिया गांव का है. पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात यह घटना हुई थी. मंगलवार को गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर नहर में एक शव तैरता हुआ मिला.

Murder

 

मजहगांव थाने के प्रभारी हरदयाल सिंह ने बताया कि शव की पहचान गिरनी कुमार चक्रवर्ती (55) के रूप में हुई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

भतीजे की गवाही ने खोला राज

पुलिस को इस मामले में अहम सुराग तब मिला, जब मृतक के पड़ोस में रहने वाले भतीजे ने बयान दिया. उसने बताया कि रविवार रात को उसने अपने चाचा गिरनी कुमार चक्रवर्ती को उनके दो बेटों संतोष (28) और अजय (25) के साथ देखा था. दोनों ने पिता के हाथ बांध रखे थे और कहीं ले जा रहे थे.

भतीजे ने जब इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वे पिता को सिद्ध बाबा मंदिर ले जा रहे हैं. लेकिन अगले दिन पिता के घर न लौटने पर शक गहरा गया.

पूछताछ में बेटों ने कबूल किया जुर्म

पुलिस ने दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में वे टालमटोल करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछे जाने पर सच उगल दिया. दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही पिता की हत्या की.

अधिकारियों के मुताबिक, बेटों ने बताया कि उनका पिता लंबे समय से शराब पीकर घर में गाली-गलौज और मारपीट करता था. कई बार उन्होंने समझाने की कोशिश की, लेकिन पिता की आदतें नहीं बदलीं. घटना वाले दिन भी पिता ने शराब पीकर झगड़ा किया, जिसके बाद गुस्से में उन्होंने पहले पीटा और फिर हाथ बांधकर नहर में फेंक दिया.

मजहगांव पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दोनों पुलिस हिरासत में हैं और पूरे मामले की जांच जारी है.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.