मोकामा सीट पर अनंत सिंह ने दर्ज की शानदार जीत, सूरजभान की पत्नी को दी मात
बिहार की मोकामा सीट पर चुनाव के परिणाम सामने आ गए हैं। इस सीट पर अनंत सिंह ने शानदार जीत दर्ज की है, उन्होंने सूरजभान की पत्नी वीणा देवी को हरा दिया है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम आज 14 नवंबर को सामने आ रहे हैं। राज्य में 6 और 11 नवंबर को 2 चरण में 243 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे। बिहार के इस चुनाव में सबसे चर्चित सीटों में से एक मोकामा भी है। इस सीट पर जदयू की ओर से अनंत सिंह और राजद की ओर से सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी मैदान में हैं। अब खबर आ रही है कि अनंत सिंह मोकामा सीट परजीत दर्ज कर चुके हैं।
कौन-कौन हैं उम्मीदवार?
मोकामा सीट पर अनंत सिंह जनता दल (यूनाइटेड) के उम्मीदवार हैं। उनके मुकाबले राष्ट्रीय जनता दल ने सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को टिकट दिया। वहीं, पीयूष प्रियदर्शी मोकामा से जन सुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। अनंत सिंह और सूरजभान सिंह दोनों भूमिहार जाति से ताल्लुक रखते हैं। भूमिहार मतदाता मोकामा में निर्णायक भूमिका में हैं। मोकामा विधानसभा सीट से आठ उम्मीदवार मैदान में हैं और इस सीट पर पहले चरण में छह नवंबर को मतदान हुआ था।
जानें मोकामा सीट के बारे में
मोकामा पटना जिले में आता है लेकिन शहर से 100 किलोमीटर दूर है। मोकामा क्षेत्र और बाहुबली अनंत सिंह राजनीतिक रूप से एक दूसरे के पर्याय माने जाते हैं, लेकिन इस बार उन्हें इस गढ़ में शिकस्त देने का बीड़ा दूसरे बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी ने उठाया। अनंत सिंह 2005 से लगातार इस सीट से जीत रहे हैं, वर्ष 2020 में अनंत सिंह ने राजद के टिकट पर मोकामा सीट जीती थी, लेकिन 2022 में एक आपराधिक मामले में सजा होने के बाद उनकी सदस्यता समाप्त हो गई। इसके बाद उनकी पत्नी नीलम देवी ने उपचुनाव जीता और बाद में जद(यू) में शामिल हो गईं। इस बार अनंत सिंह जद(यू) के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे। वहीं, सूरजभान सिंह ने 2000 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मोकामा सीट से अपनी सियासी पारी शुरू की थी और इस सीट पर दिलीप सिंह को पराजित किया था।
Comments are closed.