
उत्तर भारत में सर्दी अब और तीखा वार करेगी। आईएमडी के अलर्ट के मुताबिक, अगले एक हफ्ते तक घना से बहुत घना कोहरा हो सकता है, जो सीधे जनजीवन पर असर डालेगा। वहीं पंजाब-हरियाणा में लोगों को शीतलहर और कोल्ड डे की मार झेलनी पड़ सकती है। सवाल है कि किन-किन राज्यों में कब से ठंड और बढ़ने वाली है और तापमान कितना गिरेगा? इस आर्टिकल में पढ़िए मौसम की जानकारी।
मौसम विभाग की तरफ से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक, नॉर्थ इंडिया में अगले 7 दिन रात और सुबह के वक्त घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। उत्तराखंड में 4 जनवरी और बिहार में 4-5 जनवरी को कुछ जगहों पर कोल्ड डे की स्थिति होने की संभावना है। वहीं, पंजाब-हरियाणा के कुछ इलाकों में 7 जनवरी, वेस्ट राजस्थान में 5-8 जनवरी और ईस्ट राजस्थान में 4-8 जनवरी तक शीतलहर चल सकती है।
नॉर्थ-वेस्ट इंडिया में अगले 2 दिनों में मिनिमम टेंपरेचर 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है और उसके बाद अगले 5 दिन उसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। वहीं, मध्य भारत में अगले 4 दिन तक मिनिमम टेंपरेचर में 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। उसके बाद अगले 3 दिन तक किसी खास परिवर्तन की संभावना नहीं है।
इसके अलावा, ईस्ट इंडिया में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। अगले 3 दिन में 2-3 डिग्री सेल्सियस धीरे-धीरे गिर सकता है। उसके बाद कोई खास बदलाव नहीं होगा।
वहीं, गुजरात में अगले 3 दिन में न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। उसके बाद उसमें कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके अलावा, महाराष्ट्र और नॉर्थ-ईस्ट इंडिया के मिनिमम टेंपरेचर में कोई बड़ा परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
Comments are closed.