India's No.#1 Hindi News Channel

एनसीएल कृष्णशिला परियोजना में बड़ा हादसा, अनियंत्रित कोयला ट्रक रेस्ट रूम में घुसा, चालक गंभीर रूप से घायल

एनसीएल कृष्णशिला परियोजना में बड़ा हादसा, अनियंत्रित कोयला ट्रक रेस्ट रूम में घुसा, चालक गंभीर रूप से घायल

सिंगरौली। एनसीएल की कृष्णशिला परियोजना में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक अनियंत्रित कोयला परिवहन ट्रक टाइम ऑफिस परिसर स्थित रेस्ट रूम में जा घुसा। दुर्घटना में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मौके पर मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक राजेंद्र तिवारी (पुत्र लोकनाथ तिवारी), निवासी करैला बारवानी, मोरवा, सिंगरौली कोयला परिवहन कार्य में संलग्न था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर टाइम ऑफिस के समीप स्थित रेस्ट रूम में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि चालक ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसका दाहिना पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एनसीएल कृष्णशिला परियोजना के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

घायल चालक को तत्काल एनसीएल के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में चालक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हादसे के बाद परियोजना क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि रेस्ट रूम में मौजूद अन्य लोग सुरक्षित रहे और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की है, जिनके प्रयासों से घायल चालक को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.