बीड में एंबुलेंस से टकराई शरद पवार के काफिले की कार
बीड में शरद पवार के काफिले में शामिल एंबुलेंस ने अचानक से ब्रेक लगा दिया, जिससे काफिले में शामिल गाड़ियां आपस में टकरा गईं. शरद पवार सरपंच संतोष देशमुख के परिवार से मिलने पहुंचे थे.

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) सुप्रीमो शरद पवार के काफिले में हादसा हो गया. परभणी के पास उनके काफिले की कारें आपस में टकरा गई. हालांकि, इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई है. शरद पवार शनिवार को बीड के केज तालुका के मसाजोग गांव के दौरे पर थे. इस बीच एनसीपी (एसपी) चीफ परभणी में सरपंच संतोष देशमुख के परिवार से मुलाकात करने के लिए रवाना हुए, तभी रास्ते में काफिले में शामिल एंबुलेंस ने अचानक से ब्रेक लगा दिया जिससे काफिले में शामिल गाड़ियां आपस में टकरा गईं.
बताया जा रहा है काफिले में विधायक संदीप क्षीरसागर की कार भी शामिल थी. फिलहाल इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई है, लेकिन कारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें देखा जा सकता है कि शरद पवार की गाड़ी आगे बढ़ने के बाद काफिले में शामिल एंबुलेंस ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे एंबुलेंस के पीछे की कारें एक-दूसरे से पीछे से टकरा गईं.
संतोष देशमुख के परिवार से मिले शरद पवार
संतोष देशमुख के परिवार से मिलने के बाद शरद पवार ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत भी की. उन्होंने कहा, “इस हत्या ने आम लोगों को झकझोर कर रख दिया है. बीड सांसद बजरंग सोनावणे, सांसद नीलेश लंका ने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाया और न्याय की मांग की. मैंने लोकसभा में बजरंग सोनावणे और उनके सहयोगियों का भाषण सुना. इस भाषण को देखकर मीडिया ने भी सवाल किया कि इस देश में, इस राज्य में क्या चल रहा है?”
शरद पवार ने आगे कहा, “अब सरकार को इसकी गहराई में जाना चाहिए. इसका मुख्य सूत्रधार कौन है, इस पर सवाल उठना चाहिए. हमलावर के बारे में और वह किससे बातचीत कर रहा था, सारी जानकारी निकाली जानी चाहिए और स्थिति को सामने लाना चाहिए.”
Comments are closed.