एनटीपीसी ने ग्रिडको और क्रूट के साथ भुवनेश्वर में ग्रीन हाइड्रोजन मोबिलिटी प्रोजेक्ट के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए
एनटीपीसी ने 23 दिसंबर 2024 को भुवनेश्वर के लोक सेवा भवन में ग्रिडको (जो कि ओडिशा सरकार का एक उपक्रम है) और ओडिशा सरकार के सार्वजनिक परिवहन एजेंसी क्रूट के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह त्रैतीयक एमओयू ओडिशा में ग्रीन ऊर्जा प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, विशेष रूप से ग्रीन हाइड्रोजन मोबिलिटी योजना को आगे बढ़ाने के लिए है।
समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर श्री डीएमआर पांडा, मुख्य महाप्रबंधक (आर ई), एनटीपीसी लिमिटेड, श्री त्रिलोचन पांडा,एमडी, ग्रिडको और डॉ. एन थिरुमाला नाइक, आईएएस, एमडी, क्रूट के द्वारा किए गए, जिनके साथ श्री कनक वर्धन सिंह देव, माननीय उप मुख्यमंत्री, डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र, माननीय आवास और शहरी विकास मंत्री, ओडिशा सरकार की उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।

इस मौके पर श्री वी के देव, आईएएस, ऊर्जा सचिव, श्रीमती उषा पद्दी, आईएएस, आवास और शहरी विकास सचिव के साथ-साथ एनटीपीसी , ग्रिडको, क्रूट के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
एनटीपीसी भुवनेश्वर में ग्रीन हाइड्रोजन फ्यूलिंग स्टेशन स्थापित करेगा और साथ ही शॉर्ट-हॉल और लॉन्ग-हॉल ऑपरेशन के लिए हाइड्रोजन बसों का संचालन करेगा। इससे जीवाश्म ईंधन बसों को चरणबद्ध तरीके से हटा कर स्वच्छ और ग्रीन ईंधन को बढ़ावा मिलेगा, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। इस परियोजना के लिए एम एन आर ई (MNRE) ने भी आंशिक रूप से योगदान किया है।
एनटीपीसी गुजरात के सूरत में पिछले दो वर्षों से ग्रीन हाइड्रोजन ब्लेंडिंग परियोजना सफलतापूर्वक चला रहा है और पहले ही लेह, लद्दाख, ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) और कंडला (गुजरात) में भी इसी तरह की मोबिलिटी पहलें शुरू कर चुका है। एनटीपीसी विशाखापत्तनम, आंध्र प्रदेश में ग्रीन हाइड्रोजन हब भी विकसित कर रहा है और 2032 तक 60 GW नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखता है।
Comments are closed.