India's No.#1 Hindi News Channel

अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ीं, गैंगवार मामले में केस दर्ज

पटना: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह पर बुधवार को नौरंगा गांव में हमला हुआ था. सोनू-मोनू गैंग पर फायरिंग का आरोप लगा था. इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से करीब 60-70 राउंड गोली चली थी. वहीं इस गैंगवार के बाद अब पटना के पीरबहोर थाना में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसमें एक केस बाहुबली अनंत सिंह के खिलाफ भी हुआ है.

मोकामा गैंगवार में तीन केस दर्ज: पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह और सोनू मोनू गैंग के बीच हुई गोलीबारी मामले में अब तक तीन प्राथमिकी दर्ज हुई है. पहली प्राथमिकी मुकेश कुमार के आवेदन के आधार पर की गई है. जिसमें उसने सोनू-मोनू पर 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है. दूसरी प्राथमिकी अनंत सिंह पर दर्ज हुई है. उनके समर्थकों पर पुलिस के साथ अभद्रता करने और काम में बाधा डालने का आरोप लगा है. वहीं जिसके घर पर फायरिंग हुई, उसने भी अपने बेटे की हत्या की नीयत से गोलीबारी करने की शिकायत दर्ज कराई है.Case against Anant Singh

अनंत सिंह के खिलाफ केस दर्ज: पटना के ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि अनंत सिंह के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है. उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब पुलिस बल के साथ थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे, तब पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थकों ने उनके साथ अभद्रता की. पुलिस टीम को सही ढंग से काम नहीं करने दिया गया. इसी को लेकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

“22 जनवरी 2025 की शाम को पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई थी. मौके से तीन खोखा बरामद हुआ था. इस मामले में पटना के पीरबहोर थाना में तीन प्राथमिकी दर्ज हुई है. इनमें एक मामला पूर्व विधायक अनंत सिंह के खिलाफ और एक मामला सोनू-मोनू पर दर्ज हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

अनंत सिंह ने सोनू-मोनू पर लगाया आरोप: हालांकि पूर्व विधायक अनंत सिंह का आरोप है कि पंचमहला थाना क्षेत्र के हेमजा गांव में सोनू-मोनू ने एक व्यक्ति के घर पर जबरन कब्जाकर ताला लगा दिया था. पीड़ित की शिकायत के बाद वह गांव गए और ताला तोड़ा. उसके बाद उन्होंने अपने आदमी को उसके पास भेजा लेकिन सोनू-मोनू ने मेरे लोगों पर गोली चला दी. इस गोलीबारी में मेरा एक आदमी घायल हो गया है. अनंत सिंह के मुताबिक अपने लोगों के बचाने के लिए मेरे सहयोगियों ने भी गोली चलाई.

क्या बोले सोनू-मोनू के माता-पिता?: उधर, सोनू मोनू के पिता एडवोकेट प्रमोद सिंह और माता (वर्तमान मुखिया) उर्मिला देवी ने राजनितिक रंजिश के कारण अनंत सिंह पर ही पहले फायरिंग का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि मेरे बेटे सोनू मोनू और पत्नी उर्मिला देवी की हत्या की कोशिश थी.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.