India's No.#1 Hindi News Channel

SSP ऑफिस के बाहर ही गुत्थमगुत्था हुए दरोगा और सिपाही, दे दनादन चले लात-घूंसे

सिपाही अनुज कुमार और दरोगा संदीप यादव में किसी बात को लेकर एसएसपी ऑफिस में बहस हो गई थी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने एक दूसरे को झगड़ा करने से रोका तो दोनों लोग बाहर आ गए। फिर दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई जिसका वीडियो सामने आया है।jhansi inspector constable fight

यूपी के झांसी जिले से हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है जिसमें एसएसपी ऑफिस के बाहर दरोगा और सिपाही में जमकर लात घूंसे चलते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान दोनों के बीच गाली गलौज भी चलती रही। मामला झांसी एसएसपी ऑफिस का है जहां पर तैनात सिपाही अनुज कुमार और दरोगा संदीप यादव में सोमवार दोपहर किसी बात को लेकर ऑफिस में बहस हो गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने एक दूसरे को झगड़ा करने से रोका तो दोनों लोग बाहर आ गए।

दरोगा ने सिपाही पर लगाया ये आरोप

बाहर आते ही सिपाही और दरोगा एक दूसरे से गाली गलौज करने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि नौबत मारपीट तक आ गई। दोनों एक दूसरे पर जमकर लात-घूंसे चलाने लग गए। यह सब देख वहां भीड़ लग गई। तभी ऑफिस से पुलिस कर्मी बाहर आए और एक दूसरे को छुड़ाने की कोशिश करने लगे लेकिन दोनों लोग आपस में मारपीट करते रहे। किसी तरह दोनों लोगों को अलग किया गया।

दोनों लोग एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करते नजर आए। दरोगा का आरोप है कि सिपाही अनुज कुमार एक काम करने के लिए रुपयों की मांग करता है।

मामले पर सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने क्या कहा?

पुलिस ने दोनों लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। इस पूरे मामले में सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने बताया, पुलिस कार्यालय में सब इंस्पेक्टर और सिपाही में बाद विवाद की सूचना मिली थी। एसआई संदीप यादव महोबा जीआरपी में तैनात है। सिपाही अनुज कुमार रीडर कार्यालय में तैनात है। यह दोनों पुलिस कॉलोनी में पड़ोसी हैं। किसी बात को लेकर इनका विवाद हुआ है। उन्होंने कहा, इस घटना का संज्ञान लेकर अनुशासन तोड़ने और जनता में पुलिस की छवि को धूमिल करने के लिए एसपी जीआरपी महोदय को एक रिपोर्ट प्रेषित की गई है और सिपाही के खिलाफ भी आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.