अमित शाह की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक शुरू
रांची: राजधानी रांची के रेडिसन ब्लू होटल में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक शुरू हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय चौधरी मौजूद हैं, जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, उपमुख्यमंत्री पार्वती परीदा और मंत्री मुकेश महालिंग के अलावा पश्चिम बंगाल की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य भी बैठक में शामिल हुए हैं.

बैठक में 20 प्रस्तावों पर चर्चा होगी. बैठक की शुरुआत करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गुलदस्ता और प्रतीक चिह्न देकर उनका स्वागत किया. मुख्य मंच पर केंद्रीय गृह मंत्री के बगल में एक तरफ झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन हैं, जबकि दूसरी तरफ ओडिशा के सीएम हैं.
मंच पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री भी मौजूद हैं. इसके अलावा झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरूवा, मुख्य सचिव अलका तिवारी, गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल और डीजीपी अनुराग गुप्ता समेत कुल 68 प्रतिनिधि बैठक में हिस्सा ले रहे हैं.
बैठक में सभी चार राज्यों के मसले सुलझाने की होगी कोशिश
बैठक के दौरान झारखंड की ओर से कई मांगें रखी जाएंगी, जिनमें केंद्र को झारखंड का बकाया 1 लाख 36 करोड़ रुपये, नक्सल प्रभावित जिलों को पहले से मिल रही विशेष केंद्रीय सहायता को फिर से शुरू करना, राज्य में पिछड़ेपन और कुपोषण को दूर करने के लिए विशेष पैकेज आदि शामिल हैं.
बैठक के दौरान, जहां 10 दिसंबर 2023 को हुई पिछली बैठक की एक्शन टेकन रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी, वहीं बिहार स्टेट कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड की परिसंपत्तियों और देनदारियों के बंटवारे को लेकर बिहार और झारखंड के बीच चल रहे मामलों पर भी इस बैठक में चर्चा की जाएगी.
Comments are closed.