India's No.#1 Hindi News Channel

6 सालों में दो बार बदला गया ड्रीमलाइनर के कॉकपिट का मॉड्यूल

अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की शुरुआती रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. बोइंग 787-8 के थ्रॉटल कंट्रोल मॉड्यूल (टीसीएम) को 2019 के निर्देशों के बाद पिछले छह सालों में दो बार बदला गया था. बोइंग जांच में सहयोग कर रही है और ईंधन नियंत्रण स्विच की खराबी की जांच जारी है.

6 सालों में दो बार बदला गया ड्रीमलाइनर के कॉकपिट का मॉड्यूल, जांच में खुलासा

गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को हुए प्लेन क्रैश की शुरुआती रिपोर्ट सामने आ चुकी है. जब से ये रिपोर्ट सामने आई है तभी से इसको लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. इसके साथ ही नए-नए खुलासे भी हो रहे हैं. अब दुर्घटनाग्रस्त हुए बोइंग 787-8 विमान को लेकर एक और बड़ी जानकारी सामने आई है. इसके मुताबिक 2019 में जारी निर्देश के बाद पिछले 6 सालों में बोइंग का ‘थ्रॉटल कंट्रोल मॉड्यूल’ (टीसीएम) 2 बार बदला गया है.

थ्रॉटल कंट्रोल मॉड्यूल में फ्यूल को कंट्रोल करने वाले स्विच शामिल होते हैं. विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एआईआईबी) की शनिवार सुबह जारी की गई रिपोर्ट से पता चला था कि दोनों इंजन के ईंधन नियंत्रण स्विच एक सेकेंड के अंतराल में रन से ‘कट ऑफ’ स्थिति में चले गए थे, जिसके कारण विमान की ऊंचाई में तत्काल कमी आ गई.

दो बार बदला गया थ्रॉटल कंट्रोल मॉड्यूल

देश के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की शनिवार को जारी शुरुआती जांच रिपोर्ट में, 2019 और 2023 में दो बार टीसीएम बदलने का जिक्र किया था. रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि टीसीएम बदलने का ईंधन नियंत्रण स्विच से कोई संबंध नहीं था. बोइंग की तरफ से साल 2019 में एडवाइजरी जारी की गई थी, जिसमें कहा गया था कि ऑपरेटरों को हर 24,000 उड़ान घंटे के बाद टीसीएम बदलना होगा. इसी के तहत अब तक दुर्घटनाग्रस्त बोइंग में 2 बार टीसीएम बदला गया. हालांकि, दुर्घटना के बाद ईंधन नियंत्रण स्विच बंद हो जाने की जांच जारी है. VT-ANB पर 2023 के बाद से ईंधन नियंत्रण स्विच से संबंधित कोई खराबी दर्ज नहीं की गई है.

जांच कमेटी का सहयोग करेगी बोइंग

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने शनिवार को जारी AIB रिपोर्ट के हवाले से रविवार को बोइंग को कई सवालों के जवाब भेज दिए हैं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन के प्रोटोकॉल का पालन करते हैं. AI171 (अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त एअर इंडिया विमान) के बारे में जानकारी प्रदान करने के लिए AAIB पर निर्भर रहेंगे.’

एयर इंडिया के विमान ने गुजरात के अहमदाबाद से 12 जून की दोपहर उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के कुछ मिनट के बाद प्लेन क्रैश हो गया. इसमें सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई. वहीं पूरे हादसे में 260 लोगों की जान गई है.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.