India's No.#1 Hindi News Channel

चिराग पासवान पर JDU विधायक का तीखा हमला, ‘कैसे दे रहे NDA को समर्थन?

जेडीयू विधायक संजीव कुमार ने चिराग पासवान से पूछा है कि बताएं कि कैसे आप एनडीए को सपोर्ट कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ही उनके मन का पता चल रहा है.

एनडीए में होकर भी सरकार पर हमलावर चिराग पासवान, क्या है उनका बिहार प्लान?

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए में खींचतान वाली स्थिति बनते दिख रही है और आपस में ही एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है. बीते शनिवार को एनडीए में शामिल एलजेपीआर सुप्रीमो चिराग पासवान ने नीतीश सरकार पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया और कहा कि “मुझे  शर्म आ रही है कि मैं एनडीए में हूं”.

‘चिराग पासवान जी के मन में क्या है?’

 

उनके इस बयान पर जेडीयू के परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार ने चिराग पासवान से सवाल पूछा है कि “बताएं आप एनडीए को कैसे सपोर्ट कर रहे हैं? आपका तो एक भी एमएलए नहीं है. चिराग पासवान जी के मन में क्या है, यह तो चुनाव के पहले से ही पता चल रहा है. इसलिए उनके मन में क्या चल रहा है. यह मुझे जानकारी रखने की जरूरत नहीं है यह सभी लोग देख रहे हैं.”

संजीव कुमार ने कहा, “चिराग पासवान के बयान को हमने भी सुना है कि वह कह रहे थे कि दुर्भाग्य है कि मैं सरकार को सपोर्ट कर रहा हूं तो मैं जानना चाहता हूं कि बिहार में उनके एक भी एमएलए नहीं है तो किस एंगल से सपोर्ट कर रहे हैं. 2020 में तो जेडीयू को हराने के लिए वह सारा कर्म कर चुके हैं. अभी तक तो उनका सपोर्ट नहीं है. आगे रहेगा तो नहीं कहा जा सकता है. बगैर MLA के तो उनके सपोर्ट का कोई मतलब नहीं बनता है. उनके बगैर सपोर्ट के ही बिहार सरकार चल रही है.”

हालांकि बिहार के बिगड़ते लॉ एंड ऑर्डर को लेकर संजीव कुमार ने पुलिस पर सवालिया निशान खड़े किए हैं. उन्होंने कहा है कि चिराग पासवान पता नहीं क्यों बोले हैं. यह तो मैं भी कह सकता हूं. जहां तक क्राइम की बात है तो इधर कुछ दिनों से कई संवेदनशील मर्डर केस पटना में भी हुए हैं, इस पर पूरा देश का कान खड़ा हुआ है. यह सब लोग जान रहे हैं. हालांकि कानूनी कार्रवाई भी हो रही है, लेकिन अपराधियों में पुलिस का खौफ तो जरूर कम हो गया है और इस बात में सच्चाई है.

जेडीयू विधायक ने अपनी पार्टी के जीते सांसदों पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि “वह सभी मोदी जी के नाम पर ही चुनाव जीते हैं. संजीव कुमार ने कहा कि लोकसभा में एनडीए के जो लोग भी चुनाव जीते हैं, वह किसी दूसरे के नाम पर नहीं जीते हैं, बल्कि सभी मोदी जी के नाम पर ही जीते हैं. अकेले कोई लड़ते और जीतते तब पता चलता. लोकसभा चुनाव ही मोदी जी के नाम पर लड़ा गया था. चाहे एनडीए में शामिल कोई भी दल हो.”

पटना में होगा ब्रह्मर्षि स्वाभिमान सम्मेलन

बता दें कि आगामी 17 अगस्त को पटना के कृष्ण मेमोरियल हॉल में ब्रह्मर्षि स्वाभिमान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी जानकारी देते हुए संजीव कुमार ने कहा कि हम लोग अपने समाज को एकजुट करने के लिए ये कार्यक्रम कर रहे हैं. इसमें सभी तरह के लोग शामिल होंगे और हमारे समाज का जो लोग सपोर्ट करेंगे, उनका हम लोग सपोर्ट करेंगे. एनडीए में जिस भी दल से कोई भी हमारे समाज का खड़ा होगा उसको वहां हम लोग जीताने का काम करेंगे और यही सब बातें 17 अगस्त को दिन रखी जाएंगी.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.