India's No.#1 Hindi News Channel

नोएडा में 2 करोड़ रुपये खर्च कर सड़क किनारे होंगे ये काम

ग्रेटर नोएडा की सड़कों पर नहीं रहेंगी खुली नालियां दो करोड़ की परियोजना से प्रमुख मार्गों की नालियां ढंकी जाएंगी हादसों पर अंकुश लगेगा.

ग्रेटर नोएडा शहर की मुख्य सड़कों पर फैली खुली नालियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अब ठोस कदम उठाया है. हादसों को रोकने और जलनिकासी को दुरुस्त करने के उद्देश्य से प्राधिकरण ने दो करोड़ रुपये की लागत से नालियों को ढकने की परियोजना शुरू की है. इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और एक माह के भीतर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा.

प्राधिकरण के अनुसार, शहर की कई प्रमुख सड़कों के किनारे गहरी नालियां वर्षों पहले बनाई गई थीं, जिनमें से कई के ढक्कन टूट चुके हैं या कभी लगाए ही नहीं गए. इससे हादसों का खतरा बना रहता है. हाल ही में जुनपत गांव के पास 105 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे बनी खुली नाली में गिरने से एक गोवंश की मौत हो गई. यह इस स्थान पर इस तरह की पांचवीं घटना थी. ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी इस मुद्दे पर प्राधिकरण को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन कार्यवाही नहीं हुई.

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने कहा कि नालियों को ढकने का कार्य शीघ्र किया जाएगा. निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई नाली खुली न रहे, ताकि हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

पहले चरण में निम्न सड़कों पर नालियों को ढका जाएगा:

  • सेक्टर जीटा स्थित ऐस प्लेटिनम सोसाइटी से एलजी चौक तक 60 मीटर चौड़ी सड़क
  • मकोड़ा गोलचक्कर से जगत फार्म तक 130 मीटर चौड़ी सड़क
  • जैतपुर-वैशपुर गोलचक्कर से सूरजपुर-कासना टी-प्वाइंट तक 130 मीटर सड़क
  • विप्रो गोलचक्कर, आईटीबीपी गोलचक्कर से सूरजपुर-कासना मार्ग
  • सेक्टर 36 व 37 से इकोटेक एक्सटेंशन गोलचक्कर तक 60 व 80 मीटर सड़कें

इन स्थानों पर पूर्व-निर्मित ढक्कनों का उपयोग कर नालियों को ढकने का कार्य किया जाएगा. इसके साथ ही कूड़ा जमा होने और जलभराव की समस्या से भी निजात मिलेगी.

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्य प्रारंभ नहीं किया गया, तो वे प्राधिकरण का घेराव कर मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे. अब उम्मीद की जा रही है कि प्राधिकरण की यह पहल न केवल सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाएगी, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था को भी प्रभावी रूप से सुदृढ़ करेगी.

एके सिंह, महाप्रबंधक परियोजना, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बताया कि मुख्य सड़कों के किनारे खुली नालियों को ढकने का कार्य जल्द किया जाएगा. इसकी निविदा जारी कर दी गई है. इससे हादसा होने का डर नहीं रहेगा. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई नाली खुली न रहे.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.