India's No.#1 Hindi News Channel

‘टूट गई थी सगाई…’ RAC के जवान ने RAS अफसर को गोलियों से भूना

राजस्थान के जयपुर के बगरू की घटना है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जवान ने थाने में जाकर सरेंडर कर दिया. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं.

जयपुर: 'टूट गई थी सगाई...' RAC के जवान ने RAS अफसर को गोलियों से भूना, फिर थाने में किया सरेंडर

राजस्थान के जयपुर के बगरू में आरएसी (राजस्थान आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी) के जवान ने एक आरएएस अफसर की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक का नाम शंकर लाल है. घटना मंगलवार सुबह की है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच की जा रही है.

जानकारी के मुताबिक, शंकर लाल अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. तभी अचानक आरोपी अजय कुमार वहां पहुंचा और बिना कुछ कहे उन पर गोलियों की बौछार कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजय ने करीब पांच गोलियां चलाईं, जो सीधे शंकर लाल को लगीं. गोली लगते ही शंकर लाल सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.

गोली मारकर अफसर की हत्या

गोलियों की आवाज सुनकर शंकर लाल के परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए, लेकिन रास्ते में ही शंकर लाल ने दम तोड़ दिया. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेराबंदी कर लिया.

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जो आरएसी (राजस्थान आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी) की 12वीं बटालियन में जवान है. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद हत्या की प्राथमिक वजह माना जा रहा है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ देर बाद उसने जयपुर ग्रामीण के फुलेरा थाने में सरेंडर कर दिया.

मर्डर की वजह क्या?

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं. शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि शंकर लाल की चचेरी बहन की अजय कुमार से सगाई हुई थी. लेकिन कुछ दिनों बाद ही सगाई टूट गई थी. अजय को शक था कि शंकर लाल की वजह से सगाई टूटी है. इसके चलते अजय शंकर से नाराज चल रहा था.

इस घटना के बाद मृतक अधिकारी के परिवार में कोहराम मच गया है. शंकर लाल लेबर इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे.फिलहाल पुलिस ने आरोपी अजय कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से रिमांड पर पूछताछ की जाएगी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.