India's No.#1 Hindi News Channel

बी. सुदर्शन रेड्डी बने उपराष्ट्रपति पद के दूसरे उम्मीदवार… खड़गे ने किया ऐलान

नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को घोषणा की कि उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार हैं। साथ ही उन्होंने देश के दूसरे सबसे बड़े पद के लिए होने वाले आगामी चुनाव को एक ‘‘वैचारिक लड़ाई’’ बताया। रेड्डी उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश और गोवा के पहले लोकायुक्त हैं। वह हैदराबाद स्थित अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता एवं मध्यस्थता केंद्र के न्यासी बोर्ड के सदस्य भी हैं। वह 21 अगस्त को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

बी. सुदर्शन रेड्डी बने उपराष्ट्रपति पद के दूसरे उम्मीदवार... खड़गे ने किया ऐलान

खरगे ने कहा, ‘‘ ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी दलों ने एक साझा उम्मीदवार चुनने का फैसला किया है, यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है। मुझे खुशी है कि सभी विपक्षी दल एक नाम पर सहमत हुए। यह लोकतंत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब भी लोकतंत्र और संविधान पर हमला होता है, विपक्षी दल एकजुट होकर उसका मुकाबला करते हैं। इसलिए हमने इस चुनाव में एक अच्छे उम्मीदवार को मैदान में उतारने का फैसला किया है।’’

राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे ने कहा कि रेड्डी भारत के सबसे ‘‘प्रतिष्ठित और प्रगतिशील न्यायविदों’’ में से एक हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘उनका कानूनी करियर लंबा और प्रतिष्ठित रहा है। आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में, वह सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के निरंतर और साहसी समर्थक रहे हैं।’’ खरगे ने कहा, ‘‘वह गरीबों के पक्षधर हैं और अपने कई फैसलों में… उन्होंने गरीबों का पक्ष लिया और संविधान तथा मौलिक अधिकारों की रक्षा भी की।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उपराष्ट्रपति पद का चुनाव एक ‘‘वैचारिक लड़ाई’’ है और इसीलिए सभी विपक्षी दल एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। रेड्डी के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘वह उन मूल्यों को पूरी तरह से दर्शाते हैं जिन्होंने हमारे देश के स्वतंत्रता आंदोलन को इतनी गहराई से बचाया और जिन मूल्यों पर हमारे देश का संविधान और लोकतंत्र टिका हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इन सभी मूल्यों पर हमला हो रहा है, और इसलिए यह चुनाव लड़ना हमारा सामूहिक और दृढ़ संकल्प है।’’

तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन के अनुसार, हाल ही में ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन से अलग हुई आम आदमी पार्टी (आप) भी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए रेड्डी का समर्थन कर रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार चुना है, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की पृष्ठभूमि वाले तमिलनाडु के एक अनुभवी भाजपा नेता हैं।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.