India's No.#1 Hindi News Channel

बेटी के बर्थडे की खुशियां मातम में बदलीं, केक काटने के 5 मिनट बाद गिरी बिल्डिंग, 15 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के पालघर में 4 मंजिला इमारत गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई. छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ये हादसा उस वक्त हुआ जब जन्मदिन की पार्टी चल रही थी.Palghar Virar building collapse 15 people died


महाराष्ट्र के पालघर के विरार में 4 मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिर गया. इस दर्दनाक हादसे में एक साल की बच्ची समेत 17 लोगों की मौत हो गई. ये हादसा बुधवार की रात को 12 बजकर पांच मिनट पर तब हुआ, जब एक साल की बच्ची के जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था.

हादसे वाली जगह मौजूद रहे शख्स ने कहा कि बर्थडे पार्टी में शामिल लोगों की भी मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह दृश्य बेहद भयावह था. एक पल पहले लोग जन्मदिन पार्टी में नाच-गा रहे थे और अचानक पूरी इमारत पत्तों की तरह गिर गई. हादसे में बचे एक शख्स ने कहा, “पलभर में खुशी मातम में बदल गई.”

पालघर की जिला अधिकारी डॉ इंदु रानी जाखर ने बताया कि हादसे में बर्थडे गर्ल की भी मौत हो गई. छह घायलों को अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

बिल्डर गिरफ्तार

‘रामाबाई अपार्टमेंट’ की इमारत विरार के विजय नगर इलाके में पास की एक खाली पड़ी इमारत पर गिरी थी. इसमें करीब 50 फ्लैट हैं. हादसे में इमारत के एक विंग के 12 फ्लैट ढहे हैं.

हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें पहुंची. हादसे के बाद अफरातफरी और दहशत फैल गई. लोग चीख रहे थे और बिल्डर पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे.

पुलिस ने वसई-विरार नगर निगम (VVMC) की शिकायत पर चार मंजिला इमारत के बिल्डर को गिरफ्तार कर लिया है.

राहत-बचाव कार्य में हुई देरी

पालघर जिले की आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि साल 2012 में बनी रामाबाई अपार्टमेंट में 50 फ्लैट थे, जिनमें से 12 फ्लैट ढह गए. कदम ने कहा कि इमारत भीड़भाड़ वाले इलाके में होने के कारण मलबा हटाने के लिए भारी मशीनें लाने में दिक्कत हुई, जिससे बचाव अभियान में देर हुई.

VVMC के सहायक आयुक्त गिलसन गोंसाल्वेस ने कहा, “हादसे से प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से चंदनसर समाज मंदिर में रखा गया है. हम उन्हें भोजन, पानी, चिकित्सकीय सहायता और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं.”

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.