India's No.#1 Hindi News Channel

IPS से लूट… पत्नी संग नाइट वॉक पर निकले थे IG , चोरों ने छीना मोबाइल

भोपाल के चार इमली इलाके में आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष (IPS) से देर रात मोबाइल लूट की घटना हुई. दो बदमाशों ने बाइक से आकर उनकी पत्नी के साथ नाइट वॉक के दौरान उनका मोबाइल छीन लिया. इस घटना ने शहर में सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन यह घटना उच्च सुरक्षा वाले इलाके में होना चिंता का विषय है.

Bhopal Police: भोपाल में IPS से लूट... पत्नी संग नाइट वॉक पर निकले थे IG साहब, चोरों ने छीन लिया मोबाइलमध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अपराधियों के बेखौफ होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके चार इमली में मंगलवार देर रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर एक हाई-प्रोफाइल लूट की वारदात हुई. दरअसल, अपराधियों आईपीएस को ही निशाना बना लिया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई.

जानकारी के अनुसार, IG इंटेलिजेंस डॉ. आशीष (IPS) अपनी पत्नी के साथ नाइट वॉक कर रहे थे, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए. वारदात इतनी फुर्ती से हुई कि अधिकारी दंपति को संभलने तक का मौका नहीं मिला.

अलर्ट मोड पर 4 थानों की पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. क्राइम ब्रांच समेत शहर के चार थानों की टीमें अलर्ट मोड पर आ गई हैं. बदमाशों का सुराग लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है. पुलिस पर भी जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का दबाव बढ़ गया है, खासकर तब जब घटना एक वीवीआईपी जोन में हुई हो. लोगों में डर सा बैठ गया है कि जब आईपीएस अधिकारियों को चोर निशाना बना रहे हैं तो आम लोगों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो जाता है.

खंगाले जा रहे CCTV फुटेज

एसीपी उमेश तिवारी ने कहा कि अपराधियों की तलाश और पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं. अपराधियों की तलाश के लिए कई थानों की टीमों को अलर्ट किया गया है. जल्दी ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हालांकि इस घटना के बाद से जहां एक और कानून व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए हैं. वहीं दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों पर अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर दबाव बढ़ने लगा है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

यह घटना राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है. चार इमली जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में, जहां कई वरिष्ठ अफसर और मंत्री निवास करते हैं. वहां इस तरह की वारदात अपराधियों के हौसले बुलंद होने की गवाही देती है. अब देखना यह होगा कि पुलिस कितनी तेजी से इस मामले को सुलझाती है और अपराधियों को पकड़कर कानून के कठघरे में लाती है.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.