India's No.#1 Hindi News Channel

जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के मेयर बने तो…’, चुनावों से पहले ट्रंप ने दी ये बड़ी धमकी

डोनाल्ड ट्रंप ने जोहरान ममदानी पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर वह न्यूयॉर्क के मेयर बने, तो फेडरल फंडिंग में भारी कटौती करेंगे, क्योंकि उनका मानना है कि ममदानी शहर को आर्थिक और सामाजिक आपदा में डुबो देंगे। ममदानी को चुनावों में कुओमो और स्लिवा के खिलाफ बढ़त प्राप्त है।अमेरिका के राष्ट्रपति...- India TV Hindi

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क शहर के मेयर चुनाव में डेमोक्रेट उम्मीदवार जोहरान ममदानी को निशाना बनाते हुए चेतावनी दी है कि अगर वे जीत गए, तो शहर पूर्ण आर्थिक और सामाजिक आपदा का शिकार हो जाएगा। ट्रंप ने ममदानी को ‘कम्युनिस्ट’ करार देते हुए पूर्व गवर्नर एंड्र्यू कुओमो को आधिकारिक तौर पर समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि ममदानी की जीत पर वह न्यूयॉर्क के लिए फेडरल फंडिंग न्यूनतम स्तर पर सीमित कर देंगे क्योंकि शहर का बचाव मुश्किल हो जाएगा।

‘राष्ट्रपति के तौर पर मैं पैसों की बर्बादी नहीं चाहता’

ट्रंप ने सोमवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में लिखा,’अगर कम्युनिस्ट उम्मीदवार जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क शहर के मेयर चुनाव में जीत जाते हैं, तो मैं अपने प्यारे से पहले घर के लिए फेडरल फंडिंग बहुत कम कर दूंगा, जो कि सिर्फ न्यूनतम जरूरी राशि होगी। क्योंकि कम्युनिस्ट ममदानी के नेतृत्व में इस महान शहर के सफल होने या यहां तक कि बचे रहने की कोई संभावना ही शून्य है! कम्युनिस्ट को जिम्मेदारी मिलने से हालात और बिगड़ेंगे, और राष्ट्रपति के तौर पर मैं पैसों की बर्बादी नहीं चाहता। देश चलाना मेरा फर्ज है, और मुझे पूर्ण विश्वास है कि ममदानी की जीत से न्यूयॉर्क शहर पूर्ण आर्थिक और सामाजिक आपदा में डूब जाएगा।’

‘एंड्र्यू कुओमो के अलावा कोई और चॉइस नहीं है’

ट्रंप ने कुओमो के समर्थन में कहा, ‘चाहे आपको एंड्र्यू कुओमो व्यक्तिगत रूप से पसंद हो या न हो, आपके पास कोई चॉइस नहीं है। आपको उन्हें वोट देना ही होगा, और उम्मीद करनी होगी कि वह शानदार काम करेंगे। वह इसके काबिल हैं, ममदानी नहीं!’ ट्रंप ने ममदानी के सिद्धांतों पर तंज कसते हुए कहा, ‘उनके सिद्धांतों की परीक्षा हजारों सालों से हो रही है, लेकिन कभी सफल नहीं हुए। मैं एक ऐसे डेमोक्रेट को जीतते देखना पसंद करूंगा जिसके पास सफलता का रिकॉर्ड हो, बजाय एक अनुभवहीन कम्युनिस्ट के जो पूरी तरह विफल रहा हो। वह पढ़ाई में भी अच्छे नहीं थे और वह दुनिया के सबसे महान शहर को उसकी पुरानी शान कभी वापस नहीं दिला सकते।’ Andrew Cuomo, Donald Trump, Zohran Mamdani, New York mayor election

अपनी पार्टी के नेता पर भी ट्रंप ने साधा निशाना

रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा पर भी निशाना साधते हुए ट्रंप ने कहा, ‘हमें ये भी याद रखना चाहिए कि कर्टिस स्लिवा को वोट देना ममदानी को वोट देना है।’ बता दें कि ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी के ही नेता हैं। यूगांडा में पैदा हुए 34 साल के ममदानी न्यूयॉर्क में पले-बढ़े हैं और भारतीय मूल के हैं। वह न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य और डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट हैं। ममदानी प्रसिद्ध भारतीय फिल्म निर्देशक मीरा नायर और यूगांडा के लेखक महमूद ममदानी के बेटे हैं। जून में डेमोक्रेटिक प्राइमरी में उन्होंने कुओमो को हराकर जीत हासिल की थी। वह स्वतंत्र उम्मीदवार कुओमो और रिपब्लिकन स्लिवा के खिलाफ त्रिकोणीय मुकाबले में हैं।

चुनावी दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं ममदानी

ममदानी चुनावी दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने वादा किया है कि मेयर बनने पर वह शहर में महंगाई पर अंकुश लगाएंगे और मकान के किराए भी आम लोगों की पहुंच में लाएंगे। उन्होंने कहा है कि वह लागत कम करके न्यूयॉर्क के लोगों की जिंदगी को आसान बनाएंगे। हालिया पोल्स में ममदानी को 45.8 फीसदी समर्थन मिला है, जबकि कुओमो को 31.1 और स्लिवा को 17.3 फीसदी। 4 नवंबर पूरे अमेरिका में चुनाव है। न्यूयॉर्क में वोटिंग सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक होगी। अर्ली वोटिंग 25 अक्टूबर से शुरू होकर रविवार को समाप्त हुई। बोर्ड ऑफ इलेक्शंस के मुताबिक, इस चुनाव में 7,35,000 से ज्यादा लोगों ने अर्ली वोटिंग की, जो 2021 के चुनाव से 4 गुना ज्यादा है।

‘ब्लासियो से भी बदतर काम करेंगे ममदानी’

ट्रंप ने ममदानी को ‘सोशलिस्ट से भी बदतर’ बताया है। रविवार को सीबीएस के ’60 मिनट्स’ इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, ‘ममदानी पूर्व मेयर बिल डी ब्लासियो से भी बदतर काम करेंगे। राष्ट्रपति के तौर पर न्यूयॉर्क को ज्यादा पैसे देना मेरे लिए मुश्किल होगा। अगर कम्युनिस्ट न्यूयॉर्क चलाएगा तो जो पैसे आप भेजेंगे वे बर्बाद ही होंगे। मुझे नहीं पता कि वह जीतेंगे या नहीं, और मैं कुओमो का भी फैन नहीं हूं, लेकिन अगर बुरे डेमोक्रेट और कम्युनिस्ट के बीच चुनना हो, तो मैं हमेशा बुरे डेमोक्रेट को चुनूंगा।’ वर्तमान मेयर एरिक एडम्स, जिनकी सरकार घोटालों से जूझ रही है, ने सितंबर में दौड़ से हटने का ऐलान किया था।

‘पहले से जानता था ट्रंप कुओमो का साथ देंगे’

वहीं, ममदानी ने  के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे पहले से ही जानते थे कि ट्रंप कुओमो का साथ देंगे। अपने चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों से जो अफवाहें सुनी जा रही थीं, जो डर था, वह अब खुलकर सामने आ गया है।’ कुओमो ने भी ममदानी पर नस्लीय और धार्मिक हमलों के आरोपों का खंडन किया है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ममदानी को फोन कर उनके कैंपेन की तारीफ की है। चुनाव में युवा और फर्स्ट टाइम वोटर्स बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, जो ममदानी के पक्ष में दिख रहा है। हालांकि कई लोगों का मानना है कि अंतिम समय तक ममदानी की संभावनाओं को झटका लग सकता है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.