India's No.#1 Hindi News Channel

वोटों की गिनती के बीच नेताओं के आ रहे हैं तगड़े बयान

बिहार के 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में वोटिंग हुई थी और आज उनके नतीजे आने वाले हैं। वोटों की गिनती शुरु हो चुकी है। इस खबर में आपको हम यह बताएंगे कि वोटों की गिनती के बीच किस पार्टी के कैन से नेता ने क्या कहा।Bihar Election 2025 Result- India TV Hindi

Bihar Election Result 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के लिए दो चरणों में वोटिंग हुई थी और आज इनके नतीजें सामने आने वाले हैं। इसके लिए वोटों की गिनती भी शुरू हो चुकी है और शाम तक यह साफ भी हो जाएगा कि बिहार की जनता ने किस पार्टी के किस नेता कि किस्मत में क्या लिखा है। मगर वोटों की गिनती के बीच जीत  को लेकर किस नेता का क्या कहना है, उन्हें अपनी और अपनी पार्टी की जीत पर कितनी भरोसा है, यह सब आज हम आपको दिन भर बताते रहेंगे। किस नेता ने क्या बयान दिया है, यह सब बताएंगे। आइए आपको यहां बताते हैं कि किस नेता ने क्या कहा है।

अलीनगर सीट से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने क्या कहा?

अलीनगर सीट से आगे चल रहीं गायिका और भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, ‘यह एक सपने जैसा है। लोगों को मुझसे बहुत उम्मीदें हैं…विधायक के रूप में यह मेरा पहला कार्यकाल होगा और मैं अपने क्षेत्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ करूंगी… मैं अपने लोगों की सेवा एक बेटी की तरह करूंगी… मैं अभी केवल अलीनगर को देख सकती हूं और यह देख सकती हूं कि मैं उनके लिए कैसे काम कर सकती हूं।’

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कही ये बात

बिहार में वोटों की गिनती के बीच भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, ‘इस जीत का कारण एक मात्र मोदी-नीतीश में बिहार की जनता का विश्वास है। ये जीत है विश्वास की, मोदी नीतीश से आस की, जो बुझी है उस विशेष प्यास की, ये जीत है बिहारियों के अरदास की…एक तरफ बिहार जिंदाबाद और दूसरी तरफ आ गया तेजस्वी का शहाबुद्दीन जिंदाबाद, तो बिहार ने तय कर लिया। तेजस्वी यादव ने कहा कि हम तो जंगलराज थे, जंगलराज हैं और जंगलराज रहेंगे क्योंकि उन्होंने कहा कि शहाबुद्दीन अमर रहे तो बिहार ने तय कर लिया। बिहार के लिए बिहार, वहां की माताएं-बहनें, युवा जिंदाबाद…बिहार के पांडव कमाल हैं, ये 5 दलों का गठबंधन अद्भुत है।’

वोटों की गिनती के बीच आया कंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का बयान

मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, ‘ये अप्रत्याशित नहीं है। हमने पहले से ही कहा था। हमने कहा था कि प्रचंड बहुमत से NDA की सरकार बनेगी और नीतीश कुमार ही हमारे मुख्यमंत्री होंगे। ये कोई नई बात नहीं हुई। हम उसी दिशा में जा रहे हैं। किसी भी स्थिति में हम 160 से नीचे नहीं आएंगे। हम लोग 160 से ऊपर ही रहेंगे और वो लोग(विपक्ष) 70-80 पर रहेंगे।’

हमें इसे स्वीकार करना होगा- रुझानों पर पप्पू यादव

बिहार के वोटों की गिनती पर आए शुरुआती रुझानों पर मीडिया से बात करते हुए पूर्णिया से निर्दलिय सांसद पप्पू यादव ने कहा, ‘जो चल रही है उसे(शुरुआती रुझानों को) स्वीकार करना होगा। यह बिहार के लिए दुर्भाग्यपूर्ण होगा। मैं जनता से कुछ नहीं कह सकता, मैं सिर्फ उनके फैसले का स्वागत करता हूं, लेकिन यह बिहार के लिए दुर्भाग्य है।’

वोटों की गिनती के बीच MP के CM ने कही ये बात

मीडिया से बात करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, ‘जो रुझान आ रहा है वो वास्तव में उत्साहवर्धक है….मेरी अपनी ओर बिहार की बढ़ती जीत के प्रति पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा..साथ ही साथ नीतीश कुमार, चिराग पासवान…सहित भाजपा के सभी नेताओं मेरी अपनी ओर से बधाई।’

बिहार की जनता ने अमन, चैन और शांति के लिए वोट दिया है

बिहार में हो रही वोटों की गिनती के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ‘मैं तो पहले दिन से कह रहा था कि बिहार में 2010 की तरह जीत होगी…आखिर होता क्यों नहीं। एक तरफ लालू यादव, राहुल गांधी, तेजस्वी का नेतृत्व है जो जेल और बेल, भ्रष्टाचार, जगंलराज, लूट, अपहरण और हत्या के प्रतीक है और  बिहार की जनता ने अमन, चैन, शांति के लिए वोट दिया है।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने किसके विजयी होने की की प्रार्थना

न्यूज एंजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, बागेश्वर धाम सरकार आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, ‘जनता ने जिसे वोट दिया है, वही जीतेगा पर भगवान करें राष्ट्रवादी विचारधारा और सनातन सांस्कृतिक विचारधारा के लोग विजयी हों, ऐसी हम भगवान से प्रार्थना करते हैं।’

रुझानों को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री ने क्या?

न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा, ‘जो रुझान, जो अनुमान था वो अब परिणाम में बदलने जा रहा है और बिहार की जनता ने जो डबल इंजन की सरकार पर जो विश्वास व्यक्त किया है, ये देश को एक दिशा देगा।ट इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के परिवर्तन की लहर के बयान को लेकर उन्होंने कहा, ‘ये दोनों नेता प्रतिपक्ष के संवैधानिक पदों पर बैठे हैं लेकिन संविधान का ज्ञान नहीं, संवैधानिक संस्था का सम्मान नहीं। ये अप्पु और पप्पु बिना सोचे समझे कुछ भी उन्माद फैलाने का, समाजिक सौहार्द तोड़ने का वातावरण बनाते हैं और कुछ भी बयान देते हैं इसलिए कोई उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेता।’

शुरुआती रुझानों पर NDA को मिली बढ़त पर क्या बोले भाकपा महासचिव

चुनाव के नतीजों के शुरुआती रुझानों में NDA को बढ़त मिलने पर भाकपा के महासचिव डी.राजा ने कहा, ‘अभी पोस्टल बैलेट्स की गिनती हो रही है। मैं समझता हूं कि महागठबंधन और NDA के बीच का अंतर ज़्यादा नहीं है। मुझे उम्मीद है कि महागठबंधन चुनाव जीतेगा क्योंकि अभी EVM के वोटों की गिनती होगी और उम्मीद है कि वहां हम बेहतर करेंगे।’

CM फेस पर अशोक चौधरी ने क्या कहा?

आपको बता दें कि अभी वोटों की गिनती शुरु ही हुई है मगर सुबह से अलग-अलग नेता सरकार और नतीजों को लेकर बयान दे रहे हैं। इसी क्रम में RJD की तरफ से यह सवाल उठाया जा रहा है कि नीतीश कुमार NDA के CM फेस होंगे या फिर नहीं। इस सवाल का जवाब देते हुए बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा, ‘बिल्कुल नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे।’ वहीं टाइगर जिंदा है पोस्टर पर उन्होंने कहा, ‘जो लोग नीतीश कुमार को हल्के में ले रहे थे, उन्हें पता चल गया कि नीतीश कुमार क्या हैं।’

भाजपा प्रवक्ता शहनवाज हुसैन ने किया सरकार बनाने का दावा

बिहार में अगली सरकार बनाने को लेकर शहनवाज हुसैन ने कहा, ‘नतीजे आने में अब बस चंद वक्त है। साफ दिख रहा है कि हम आने वाले हैं, NDA की सरकार बनने वाली है। जिस तरह सूरज का उगना तय है उसी तरह NDA की सरकार का बनना तय है। इस बार जबरदस्त पोलिंग हुई है और सरकार फिर से बनाने के लिए पोलिंग हुई है। हम लोग बिहार में अपार बहुमत से सरकार बनाएंगे।’ उन्होंने तेजस्वी यादव के शपथ ग्रहण के दावे पर कहा, ‘ये राजद वाले ऐसे ही डेट बोलते रहते हैं। इनका बस चले तो ये ऐसी बात बोलते रहेंगे। कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। NDA सरकार बनाएगी।’

चुनाव के नतीजों को लेकर तेजस्वी यादव ने किया बड़ा दावा

बिहार में हुए विधानसभा चुनाव के वोटों कि गिनती शुरु हो गई है और शाम तक सभी सीटों के नतीजें साफ हो जाएंगे। उससे पहले मीडिया से बात करते हुए RJD के नेता और महागठबंधन के CM फेस तेजस्वी यादव ने बड़ा दावा करते हुए कहा, ‘हल लोग जीत रहे हैं, बहुत शुभकामनाएं आप सभी को। बदलाव होगा, बदलाव होने जा रहा है। हम सरकार बना रहे हैं।’

नतीजों से पहले राजद MP मनोज झा की बातें सुनी आपने?

राजद सांसद मनोज झा ने चुनाव के नतीजों से पहले न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, ‘हम बिहार की उम्मीद और आशा के साथ हैं। बिहार बदलाव की ओर अग्रसर है। दोपहर बाद तक सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। बदलाव तेजस्वी जी के नेतृत्व में और महागठबंधन के साथ।’ उन्होंने आगे कहा, ‘एग्जिट पोल को तो मैं मानता हूं कि ये कैपिटल का खेल है, बाजार का खेल है और शहन-शाह का खेल है। हम वो खेल नहीं खेलते।’

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने नतीजों से पहले कही ये बात

अभी कुछ ही देर में बिहार में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने लगेंगे। उससे पहले कई नेता मीडिया से बात करते हुए अपनी बात कह रहे हैं। इस कड़ी में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने ANI से बात करते हुए कहा, ‘लोकतंत्र के महापर्व का आज सबसे ऐतिहासिक महत्वपूर्ण दिन है और सभी लोग इस महापर्व के उत्सव में शामिल हो रहे हैं और इसका जो आज परिणाम आएगा वो बिहार के लिए ही नहीं बल्कि देश के लिए भी बड़ा शुभ होगा …और हर बिहारी आज गौरवान्वित होगा और विकसित बिहार का मजबूत इमारत खड़ा होगा। मैं भी इस पर्व में शामिल होने जा रहा हूं। ये बिहार लोकतंत्र की यात्रा की भूमि है इस धरती से देश को संदेश जाएगा और बिहार एक नजीर पेश करेगा।’

NDA चंद घंटों की मेहमान है- मृत्युंजय तिवारी

बिहार चुनाव के नतीजों से पहले न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, ‘मुझे पूरा है विश्वास, हम होंगे कामयाब। जीत निश्चित है महागठबंधन की। आज डबल इंजन की नीतीश सरकार की विदाई है और तेजस्वी सरकार बिहार की जनता ने लाई है। अब अनुमान जो भी लगाए गए हों, परिणाम हमारे पक्ष में आएंगे। ये मुझे पूरा विश्वास है कि आज जीत होगी बिहार की, आज बिहार की जीत होगी, बिहार की तकदीर और तस्वीर को बदलने के लिए…NDA चंद घंटो की मेहमान है। आज दोपहर बाद ही NDA की विदाई बिहार से तय है।’

JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कही ये बात

आपको बता दें कि बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर JDU के नेता राजीव रंजन प्रसाद ने अपना बयान दिया है। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘जनता ने अपना जनादेश दिया है और बिहार के सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन को वोट दिया है…बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है…मुझे विश्वास है कि एनडीए फिर से बिहार में सरकार बनाएगी।’

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.