India's No.#1 Hindi News Channel

मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की जिंदा जलने से मौत

बिहार के मुजफ्फरपुर में आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जल गए और उनकी मौत हो गई। घर में सोते समय ये हादसा हुआ। इस घटना से इलाके में मातम पसर गया है।Bihar- India TV Hindi

बिहार के मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक ही परिवार के 5 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी और ये हादसा हुआ।

क्या है पूरा मामला?

मुजफ्फरपुर के मोतीपुर बाजार में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। एक घर में अचानक आग लगने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण  घर में आग लगी है और जिस समय ये हादसा हुआ, परिवार के लोग सोए हुए थे। इसी वजह से उन्हें घर से बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

स्थानीय लोगों ने आग की लपटें उठती देख शोर मचाया और मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश भी की लेकिन आग इतनी तेज थी कि काबू कर पाना मुश्किल हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पुलिस ने झुलसे हुए पांच लोगों को बाहर निकालकर इलाज के लिए एसकेएमसीएच अस्पताल भेजा। हादसे में मृतकों की पहचान ललन साह, उसकी मां, पत्नी और दो बच्चों के रूप में हुई है। घटना से पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

डीएसपी का सामने आया बयान

डीएसपी पश्चिमी, सुचित्रा कुमारी ने बताया कि मोतीपुर के वार्ड 13 में गेना साह के घर में तीसरी मंजिल पर आग लग गई। इस आग की वजह से पांच लोगों की मौत हो गई और पांच लोग झुलसकर घायल हो गए हैं। इनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि पांच लोग घर के अंदर ही बुरी तरह जल गए जिससे उनकी मौत हो गई। पांच लोगों को बाहर निकाला गया। सुबह चार से पांच बजे के बीच कमरे से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी, तब परिजनों को आग के बारे में जानकारी हुई। परिजनों ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी दी है। मामले की जांच की जा रही है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.