India's No.#1 Hindi News Channel

पाकिस्तान-श्रीलंका के बीच कैसे देखें ट्राई सीरीज फाइनल की लाइव स्ट्रीमिंग, इतने बजे से शुरू होगा मुकाबला

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच ट्राई सीरीज 2025 का फाइनल मैच 29 नवंबर को खेला जाएगा। पाकिस्तानी टीम ने लीग स्टेज में अच्छा प्रदर्शन किया था और सिर्फ एक ही मैच हारा था।

salman ali agha- India TV Hindi
ट्राई सीरीज 2025 का कारवां अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है, जहां पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच फाइनल मुकाबला 29 नवंबर को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान अली आगा हैं। वहीं श्रीलंकाई टीम की कमान दासुन शनाका के हाथों में है। दोनों टीमों के पास स्टार प्लेयर्स मौजूद हैं। ऐसे में रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

भारत में किसी भी चैनल पर नहीं होगा लाइव प्रसारण

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। वहीं इस मैच का टॉस आधे घंटे पहले होगा। भारत में ट्राई सीरीज 2025 के फाइनल मैच का लाइव प्रसारण नहीं होगा। लेकिन भारतीय क्रिकेट फैंस इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग पीटीवी स्पोर्ट्स के यूट्यूब चैनल पर देख सकते हैं।

श्रीलंका की शुरुआत रही थी खराब

ट्राई सीरीज 2025 के लीग स्टेज में पाकिस्तानी टीम ने अभी तक चार मुकाबले खेले, जिसमें से तीन में जीत दर्ज की और एक मैच श्रीलंका से 6 रनों से हारा। 1.440 नेट रन रेट के साथ पाकिस्तानी टीम प्वाइंट्स टेबल में पहले पायदान पर मौजूद थी। दूसरी तरफ मौजूदा टूर्नामेंट में श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बहुत ही खराब रही थी, जब जिम्बाब्वे के खिलाफ अपने पहले ही मुकाबले में 67 रनों से हार का मुंह देखना पड़ा था। इसके बाद पाकिस्तान ने उसे 7 विकेट से पटखनी दी थी। लेकिन इसके बाद टीम ने वापसी की और लगातार दो मुकाबले जीतकर फाइनल में एंट्री कर ली।

दुष्मंथा चमीरा ने हासिल किए चार विकेट

लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच हुआ था। इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 184 रन बनाए थे। इसके बाद पाकिस्तानी टीम 178 रन ही बना सकी। मैच में श्रीलंकाई गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने चार विकेट हासिल किए।

दोनों टीमों का स्क्वाड:

पाकिस्तानी टीम: साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, बाबर आजम, फहीम अशरफ, मोहम्मद नवाज, सलमान आगा (कप्तान), फखर जमान, उस्मान खान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, उस्मान तारिक, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्जा, अबरार अहमद, अब्दुल समद

श्रीलंकाई टीम: पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, जेनिथ लियानगे, दासुन शनाका (कप्तान), पवन रथनायके, वानिंदु हसरंगा, दुष्मंथा चमीरा, महेश थीक्षाना, ईशान मलिंगा, कामिंडु मेंडिस, विजयकांत वियास्कंथ, भानुका राजपक्षे, नुवान तुषारा, दुशान हेमंथा।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.