वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद का पहला इनसाइड VIDEO आया सामने
निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद पहला वीडियो सामने आया है। इस दौरान उन्हें कमरे में मौजूद अधिकारियों को गुड नाइट और हैप्पी न्यू ईयर कहते हुए भी सुना गया।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद पहला वीडियो सामने आया है। उन्हें हथकड़ी लगाकर अमेरिका ले जाया गया, जिसका वीडियो सामने आया है। निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क में अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के मुख्यालय में अधिकारियों द्वारा ले जाते हुए दिखाया गया है।
63 वर्षीय मादुरो को हथकड़ी पहने और काले रंग की हुडी वाली स्वेटशर्ट में DEA NYD लेबल वाले नीले कालीन से ढके गलियारे में चलते हुए दिखाया गया है। इस दौरान निकोलस मादुरो को कमरे में मौजूद अधिकारियों को गुड नाइट और हैप्पी न्यू ईयर कहते हुए भी सुना गया।
निकोलस मादुरो को कहां रखा जाएगा?
मादुरो को उस समय हिरासत में लिया गया जब वह लोहे की दीवारों से घिरे अपने सुरक्षित कमरे में भागने की कोशिश कर रहे थे। उन्हें पहले शनिवार शाम को अमेरिका के एक सैन्य अड्डे पर ले जाया गया और फिर न्यूयॉर्क शहर ट्रांसफर कर दिया गया।
अमेरिकी मीडिया के अनुसार, DEA कार्यालय से मादुरो को ब्रुकलिन स्थित संघीय जेल मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर ले जाया जाएगा। मालूम हो कि ये वही जेल है, जहां रैपर शॉन डीडी कॉम्ब्स को पिछले साल उनके मुकदमे के दौरान रखा गया था। वेनेजुएला में ऑपरेशन कर अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार किया है, जिन पर नारको-आतंकवाद अमेरिका में कोकीन आयात करने और अवैध हथियार रखने का आरोप है।
वेनेजुएला की राजधानी काराकास में शनिवार तड़के अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज के जवानों ने अचानक अटैक कर दिया। इस दौरान अमेरिकी फोर्सेज ने मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़ लिया था। इस हमले के दौरान मादुरो काराकास के हाई सिक्योरिटी वाले फोर्ट टियूना सैन्य परिसर में स्थित अपने आवास में सो रहे थे।
Comments are closed.