भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच तिरुअनंतपुरम के ग्रीनफिल्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास कुछ रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। इस सीरीज में सूर्या ने अभी तक अच्छी बल्लेबाजी की है। ऐसे में अगर वह पांचवें टी20 मैच में भी अच्छी बल्लेबाजी करते हैं तो वह एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं। पांच मैचों की इस सीरीज में टीम इंडिया 3-1 से आगे है। भारतीय टीम पहले ही सीरीज को अपने नाम कर चुकी है।
सूर्यकुमार अगर पांचवें टी20 मैच में 33 रन बना लेते हैं तो वह टी-20 इंटरनेशनल में अपने 3000 रन पूरे कर लेंगे और ऐसा करने वाले भारत के तीसरे क्रिकेटर बन जाएंगे। फिलहाल रोहित शर्मा (4231 रन) और विराट कोहली (4188 रन) ही टी20 इंटरनेशनल में 3000 रन पूरे कर पाए हैं। सूर्या ने अभी तक खेले गए 103 टी-20 इंटरनेशनल मैच की 97 पारियों में 2967 रन बनाए हैं। अगर सूर्यकुमार इस मुकाबले में यह मुकाम हासिल कर लेते हैं तो टी-20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पांचवें नंबर पर आ जाएंगे। इस लिस्ट में उनके पास एरॉन फिंच की बराबरी करने का मौका होगा,जिन्होंने 98 पारियों में 3000 रन पूरे किए थे।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 3000 रन बनाने की बात करें तो यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के नाम है। उन्होंने 79 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं विराट इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 81 पारियों में 3000 रन पूरे किए थे। वहीं पाकिस्तान के बाबर आजम ने भी 81 पारियों में 3000 रन पूरे किए थे। वहीं यूएई के मुहम्मद वसीम ने 84 पारियों में ये कारनामा किया था।
गौरतलब है कि इस सीरीज से कप्तान सूर्यकुमार ने फॉर्म में वापसी की। सीरीज के पहले मुकाबले में जल्दी आउट होने के बाद उन्होंने अगले दो मुकाबलों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार अर्धशतक लगाए। फिलहाल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर हैं। इस सीरीज में उनके बल्ले से अभी 4 मैच में 179 रन आए हैं। सूर्यकुमार की कप्तानी में टीम पहले ही सीरीज पर कब्जा कर चुकी है और 3-1 से आगे है।
Comments are closed.