India's No.#1 Hindi News Channel

ईरान-इजराइल जंग फिर भड़की: तेल अवीव पर मिसाइल हमला, इजराइल का तेहरान-तबरीज पर पलटवार

iran again threats israel to attack in all area after fire 200 missiles  जवाब दिया तो पूरे इजरायल में करेंगे हमले, 200 मिसाइल दागने के बाद भी 'फायर  मोड' में ईरान, International Hindi News - Hindustan

ईरान और इजराइल के अप्रैल में हुए सीजफायर के 2 महीने बाद दोबारा जंग शुरू हो गई। ईरान ने रविवार रात इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।

ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने कहा कि यह कार्रवाई लेबनान में हिजबुल्लाह पर इजराइली हमलों के जवाब में की गई है। हमलों के बाद इजराइल के कई हिस्सों में सायरन बजे और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

इसके जवाब में कुछ घंटों बाद इजराइल ने ईरान में जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। इजराइली सेना ने कहा कि उसने पश्चिमी और मध्य ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।

ईरानी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, तेहरान, तबरीज और इस्फहान में कई विस्फोट हुए। IRGC ने दावा किया कि इजराइल ने हमलों में एयर-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया।

हमलों के बाद ईरान ने राजधानी तेहरान के इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास का एयरस्पेस बंद कर दिया। इराक ने 72 घंटे और सीरिया ने 12 घंटे के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद करने का फैसला लिया है

ईरान से तनाव के बीच नेतन्याहू की सुरक्षा कैबिनेट बैठक आज

ईरान से बढ़ते सैन्य तनाव के बीच इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू आज सुरक्षा कैबिनेट की अहम बैठक करेंगे। यह बैठक भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे होगी।

रिपोर्ट्स के अनुसार, बैठक में केवल चुनिंदा वरिष्ठ मंत्री और सुरक्षा मामलों से जुड़े शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में ईरान के ताजा हमलों, इजराइल की जवाबी कार्रवाई और आगे की सैन्य रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

ट्रम्प ने संयम बरतने की अपील की

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से तत्काल बड़े जवाबी हमले से बचने को कहा था। हालांकि इसके बावजूद इजराइल ने ईरान में सैन्य कार्रवाई की।

ईरान और इजराइल के बीच यह ताजा टकराव ऐसे समय हुआ है जब दोनों देशों के बीच सीजफायर को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ था।

1. ईरान ने इजराइल पर मिसाइलें दागीं, सीजफायर पर संकट: अप्रैल में हुए सीजफायर के बाद पहली बार ईरान ने इजराइल पर मिसाइल हमला किया। जवाब में इजराइल ने सोमवार तड़के पश्चिमी और मध्य ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए। तेहरान, तबरीज और इस्फहान में धमाकों की खबरें हैं।

2. ईरान, इराक और सीरिया ने एयरस्पेस बंद किया: तनाव बढ़ने के बाद ईरान ने पश्चिमी हिस्से का एयरस्पेस अगली सूचना तक बंद कर दिया। इराक ने 72 घंटे और सीरिया ने 12 घंटे के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है।

3. अमेरिका ने होर्मुज में दो और ईरानी ड्रोन मार गिराए: अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट में अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए खतरा बने दो ईरानी ड्रोन को मार गिराया गया। लगातार दूसरे दिन अमेरिका ने ऐसे ड्रोन गिराने का दावा किया है।

4. ईरान बोला- अमेरिका के बदलते रुख से अटकी बातचीत: ईरान ने कहा कि अमेरिका के बार-बार बदलते रुख के कारण वार्ता आगे नहीं बढ़ रही। तेहरान ने एक बार फिर यूरेनियम संवर्धन के अधिकार और विदेशों में फ्रीज अरबों डॉलर की संपत्तियां जारी करने की मांग दोहराई।

5. वर्ल्ड कप में ईरानी टीम को मैच वाले दिन ही अमेरिका छोड़ना होगा:अमेरिकी वीजा प्रतिबंधों के कारण ईरान की फुटबॉल टीम को अमेरिका में सिर्फ मैच खेलने की अनुमति मिलेगी। टीम को मैच के दिन ही अमेरिका छोड़ना होगा, इसलिए उसने अपना ट्रेनिंग बेस एरिजोना की जगह मेक्सिको में बनाया है।

ईरान ने फिर दागीं मिसाइलें, इजराइल में दोबारा अलर्ट

ईरान ने एक बार फिर इजराइल की तरफ मिसाइलों की एक और खेप दागी। हमले के बाद कई इलाकों में अलर्ट जारी किया गया और लोगों को शेल्टर में जाने के निर्देश दिए गए। फिलहाल मिसाइलों के इंटरसेप्ट होने, किसी नुकसान या हताहत की जानकारी नहीं दी गई है।

ईरान के पेट्रोकेमिकल प्लांट पर इजराइली हमला

ईरानी मीडिया ने कहा है कि इजराइल ने दक्षिण-पश्चिम ईरान के माहशहर शहर स्थित करुण पेट्रोकेमिकल कंपनी पर हमला किया है। खुजेस्तान प्रांत के एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि हमले में संयंत्र का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। इजराइल ने भी हमले की पुष्टि की है।

वीजा विवाद के बीच मेक्सिको पहुंची ईरान की वर्ल्ड कप टीम

2026 फीफा वर्ल्ड कप से पहले ईरान की फुटबॉल टीम मेक्सिको पहुंच गई है। अमेरिका के साथ जारी वीजा विवाद और राजनीतिक तनाव के बीच टीम ने अपना बेस कैंप अमेरिका की बजाय मेक्सिको के तिजुआना शहर में बनाया है।

रॉयटर्स और एपी के मुताबिक, ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम रविवार सुबह मेक्सिको के तिजुआना पहुंची। टीम पिछले तीन सप्ताह से तुर्किये में ट्रेनिंग कर रही थी और वहीं से चार्टर्ड विमान के जरिए मेक्सिको पहुंची।

ईरान ने पहले अमेरिका के एरिजोना में अपना बेस कैंप बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन वीजा को लेकर अनिश्चितता और दोनों देशों के बीच तनाव के कारण आखिरी समय में कैंप मेक्सिको शिफ्ट कर दिया गया।

अमेरिका ने खिलाड़ियों को वीजा जारी कर दिया है, लेकिन ईरानी फुटबॉल महासंघ के कई प्रशासनिक और सपोर्ट स्टाफ को अब तक वीजा नहीं मिला है। ईरान ने इसे भेदभावपूर्ण कदम बताया है।

ईरान के राजदूत अबोलफजल पसंदिदेह ने कहा कि टीम को अमेरिका में सिर्फ मैच के दिन प्रवेश की अनुमति मिलेगी और उसे उसी दिन वापस लौटना होगा।

ईरान अपने सभी ग्रुप मैच अमेरिका में खेलेगा, लेकिन पूरे टूर्नामेंट के दौरान उसका संचालन मेक्सिको के तिजुआना से ही होगा।

इजराइली सेना प्रमुख ईरान पर हमलों की निगरानी कर रहे

ईरान पर जारी हमलों के बीच इजराइली सेना ने कहा है कि सेना प्रमुख मेजर जनरल एयाल जमीर खुद सैन्य अभियानों की निगरानी कर रहे हैं। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात की समीक्षा कर रहे हैं।

IDF के मुताबिक, एयाल जमीर और शीर्ष सैन्य अधिकारी पिछले कई घंटों से सुरक्षा स्थिति का आकलन कर रहे हैं और ईरान में चल रहे ऑपरेशन की कमान संभाले हुए हैं।

सेना ने कहा कि वह पूरी तरह सतर्क है और इजराइल को खतरा पहुंचाने वाले किसी भी पक्ष के खिलाफ सभी मोर्चों पर कार्रवाई जारी रखने के लिए तैयार है।

ईरान ने सऊदी एयरबेस पर हमले से इनकार किया

सऊदी अरब के अल-खर्ज एयरबेस पर कथित हमले की खबरों के बीच ईरान ने किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई से इनकार किया है। ईरानी सरकारी प्रसारक IRIB के मुताबिक, एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि ईरान ने अल-खर्ज एयरबेस पर कोई गोली या मिसाइल नहीं दागी है।

ईरानी सरकारी मीडिया IRIB ने एक सैन्य अधिकारी के हवाले से कहा कि अल-खर्ज एयरबेस पर हमले की खबरें सही नहीं हैं और ईरान का इससे कोई संबंध नहीं है।

अधिकारी का बयान उन रिपोर्टों के बाद आया है, जिनमें सऊदी अरब के अल-खर्ज एयरबेस पर विस्फोट की बात कही गई थी।

इससे पहले सऊदी सिविल डिफेंस ने अल-खर्ज गवर्नरेट में संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया था। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अगली सूचना तक सतर्क रहने की अपील की थी।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.