थाना कोतवाली जोगिया उदयपुर में कम्युनिटी पुलिसिंग गोष्ठी आयोजित, साइबर अपराध व नशामुक्ति पर किया गया जागरूक
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस की जनसेवा, संवेदनशीलता एवं विश्वास निर्माण की नीति के अंतर्गत थाना कोतवाली जोगिया उदयपुर परिसर में कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत जन-जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वृद्धजन, ग्राम प्रधान, महिला बीट सदस्य, व्यापारी, युवा, ग्रामीण तथा क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों ने भाग लिया।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा, बाल अपराधों की रोकथाम, नशामुक्ति, यातायात नियमों के पालन तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग के संबंध में लोगों को जागरूक किया। उपस्थित लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आपातकालीन सहायता हेतु डायल-112 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की जानकारी भी दी गई। अन्य सहायता के लिए मोबाइल नंबर 9454404235 पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई तथा उन्हें सुरक्षा एवं पुलिस सहायता संबंधी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य सहायता कार्यक्रमों के बारे में भी अवगत कराया गया।
पुलिसकर्मियों ने दिव्यांगजनों की सुरक्षा एवं कल्याण से संबंधित आवश्यक जानकारियां साझा कीं। इसके अतिरिक्त मेला, धार्मिक स्थल एवं अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा उपायों तथा भूले-भटके व्यक्तियों की सहायता के संबंध में भी जागरूकता फैलाई गई।
गोष्ठी में साइबर अपराध और नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, डिजिटल अरेस्ट, निवेश एवं लॉटरी फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने पुलिस-जन सहयोग बनाए रखने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखने का आश्वासन दिया।
उपस्थित अधिकारी/कर्मचारीगण:
- अभय सिंह, थानाध्यक्ष, कोतवाली जोगिया उदयपुर।
- उपनिरीक्षक मुस्तकीम अंसारी।
- उपनिरीक्षक आनन्द शाही।
- मुख्य आरक्षी सत्या त्रिपाठी।
- मुख्य आरक्षी जितेन्द्र सिंह।
Comments are closed.