India's No.#1 Hindi News Channel

गूगल मैप ने दिया धोखा! खाई में गिरी कार, पुलिस ने बचाई महिला की जान

महिला अपनी कार से उलवे की ओर जा रही थी. बेलापुर के खाड़ी पुल से जाने की बजाय उसने पुल के नीचे का रास्ता पकड़ लिया, क्योंकि गूगल मैप पर उसे वो रास्ता सीधा नजर आ रहा था. नतीजा- दुर्घटना.गूगल मैप ने फिर दिया धोखा! खाई में गिरी कार, पुलिस ने बचाई महिला की जान... पहले भी कई बार हुआ ऐसा

मुंबई: गूगल मैप के चक्‍कर में एक बार फिर बड़ी दुर्घटना हो गई. नवी मुंबई के बेलापुर इलाके में शुक्रवार आधी रात एक महिला की कार सीधे खाड़ी में जा गिरी. महिला गूगल मैप के भरोसे गाड़ी चला रही थी. संयोग अच्छा था कि वहां मौजूद समुद्री सुरक्षा पुलिस ने तुरंत सतर्कता दिखाई और महिला की जान बचा ली गई. बाद में क्रेन की मदद से कार को खाड़ी से बाहर निकाला गया. ये कोई पहला मामला नहीं है, जब गूगल मैप के चलते दुर्घटना हुई है.

 पानी में बहने लगी महिला

शुक्रवार रात करीब 1 बजे ये घटना हुई, जब महिला अपनी कार से उलवे की ओर जा रही थी. बेलापुर के खाड़ी पुल से जाने की बजाय उसने पुल के नीचे का रास्ता पकड़ लिया, क्योंकि गूगल मैप पर उसे वो रास्ता सीधा नजर आ रहा था. नतीजतन, उसकी कार सीधे ध्रुवतारा जेट्टी से खाड़ी में गिर गई.

Latest and Breaking News on NDTV

पास में ही तैनात समुद्री सुरक्षा पुलिस की नजर में ये घटना आ गई और वे तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने देखा कि महिला पानी में बह रही थी. इसके बाद रेस्क्यू बोट और गश्ती टीम की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

गूगल मैप के चलते वाहन दुर्घटना की कई घटनाएं देशभर के अलग-अलग हिस्‍सों से आ चुकी हैं.

महाराजगंज में जब फ्लाईओवर से लटक गई कार

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में गूगल मैप ने एक कार को अधूरी फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचा दिया, जिसके कारण यह कार फ्लाईओवर से नीचे लटक गई. घटना 9 जून 2025 की है. फरेंदा थाना इलाके में कथित तौर पर गूगल मैप के बताए रास्ते पर आगे बढ़ने से ये हादसा हुआ. कार फ्लाईओवर के ऊपर जाने के बाद नीचे लटक गई. हालांकि इस हादसे में कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए हैं. जिले के गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भैया फरेंदा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर हुआ, जहां पर कार फ्लाईओवर पर चढ़ी, लेकिन फ्लाईओवर का काम अधूरा था.

गूगल मैप के चलते फंसी कार, गई जान

यूपी के मुरादाबाद में 4 अप्रैल 2025 को गूगल मैप की मदद से रास्ता तलाशने की कोशिश में कार सवार चार लोग हादसे का शिकार हो गए. इस घटना में दो युवतियों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मुरादाबाद के थाना मूढापांडे क्षेत्र में कार से लोग नैनीताल से घूमकर वापस आ रहे थे. पुलिस के अनुसार, जब ये कार हादसे का शिकार हुई तो उसके बाद कार अंदर से लॉक हो गई और जो लोग अंदर मौजूद थे वो अंदर ही फंसे रह गए. इस कार को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी थी.

सड़क पर मिट्टी का टीला: गूगल मैप की गलती से हादसा

दिसंबर 2024 में यूपी के हाथरस जिले में गूगल मैप के गलत रास्ते दिखाने से एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. मथुरा-बरेली निर्माणाधीन हाईवे पर हुई इस घटना में, मैप ने गाड़ी को खराब सड़क पर मोड़ दिया. कार मिट्टी के अवरोध से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं. ड्राइवर ने बरेली से मथुरा जाते समय गूगल मैप का इस्तेमाल किया था. यह हादसा इसलिए हुआ क्योंकि निर्माणाधीन हाईवे पर कोई डायवर्जन चिन्ह या रोड ब्लॉकिंग की जानकारी नहीं थी.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.