India's No.#1 Hindi News Channel

कोयंबटूर गैंग रेप के तीनों आरोपी ‘हाफ एनकाउंटर’ के बाद गिरफ्तार

कोयंबटूर में कॉलेज छात्रा के साथ हुए गैंग रेप मामले में तीन आरोपियों को ‘हाफ एनकाउंटर’ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है।कोयंबटूर गैंग रेप केस के आरोपी गिरफ्तार- India TV Hindi

तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक कॉलेज छात्रा के साथ हुए गैंग रेप मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार तड़के तीन आरोपियों को ‘हाफ एनकाउंटर’ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान थवसी, कार्तिक और कालीस्वरन के रूप में हुई है, जिन्हें पैर में गोली लगने के बाद कोयंबटूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपियों की कैसे हुई पहचान?

गैंग रेप की जघन्य घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए 7 विशेष टीमों का गठन किया था। पीड़िता के पुरुष दोस्त की कार जहां से पीड़िता को किडनैप किया गया वहां से कुछ दूरी पर एक बाइक मिली थी, इसी बाइक से आरोपी वहां आए थे। इस बाइक और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान की।

आरोपियों ने पुलिस पर किया हमला

स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस की स्पेशल टीम को पता चला कि आरोपी कोयंबटूर के उपनगर वेल्लईकणर इलाके में छिपे हुए हैं। पुलिस के वहां पहुंचते ही तीनों आरोपियों ने धारदार हथियार से पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें कांस्टेबल चंद्रशेखर घायल हो गए।

तीनों आरोपियों के पैर में लगी गोली

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की, जिससे तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें तुरंत काबू कर लिया गया। इस घटना को ‘हाफ एनकाउंटर’ बताया जा रहा है। सभी आरोपियों को रात 3.0 बजे कोयंबटूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए इन तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.