India's No.#1 Hindi News Channel

47 ओवर में 17 विकेट, विजय हजारे ट्रॉफी में आग उगल रहा है ये गेंदबाज, IPL में SRH की टीम का है हिस्सा

उत्तर प्रदेश के युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी घरेलू क्रिकेट में लगातार अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से सभी को प्रभावित कर रहे हैं। विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन में उन्होंने अब तक 17 विकेट झटके हैं।

Zeeshan Ansari- India TV Hindiउत्तर प्रदेश के युवा लेग स्पिनर जीशान अंसारी इन दिनों भारत का घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट में वह उत्तर प्रदेश की टीम का हिस्सा हैं और उन्होंने लगातार विकेट लेकर सभी को काफी प्रभावित किया है और अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह इस सीजन में अभी तक 17 विकेट ले चुके हैं और वह इस वक्त जारी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

17 विकेट ले चुके हैं जीशान अंसारी

जीशान अंसारी की बात करें तो वह विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन में अब तक कुल पांच मैच खेल चुके हैं। इन पांच मैचों में वह 47 ओवर गेंदबाजी कर चुके हैं और वहां उन्होंने अब तक 13.06 के औसत से 17 विकेट अपने नाम किए हैं। इस टूर्नामेंट में वह दो बार चार विकेट हॉल अपने नाम कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने पिछले 3 मैचों में लगातार 3 विकेट हॉल भी अपने नाम किया है। जीशान आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का हिस्सा हैं। ऐसे में उनका ये फॉर्म आईपीएल से पहले SRH के लिए अच्छी खबर है।

SRH ने मेगा ऑक्शन में जीशान अंसारी को खरीदा था

आईपीएल 2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने जीशान अंसारी को 40 लाख रूपये की कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया था। उन्हें पिछले सीजन में कुल 10 मैच खेलने का मौका मिला था और वहां उन्होंने कुल 55.50 के औसत से 6 विकेट अपने नाम किए थे। इस दौरान उन्होंने 9.84 की इकॉनमी रेट से रन खर्च किए थे। इस सीजन से पहले SRH फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन किया था। अब वह आईपीएल 2026 में भी अपने इसी फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे।

यूपी टी20 लीग में जीशान अंसारी ने किया था बेहतरीन प्रदर्शन

विजय हजारे ट्रॉफी से पहले जीशान अंसारी ने यूपी टी20 लीग 2025 में भी बेहतरीन गेंदबाजी की थी। उस टूर्नामेंट में वह मेरठ मैवरिक्स की टीम का हिस्सा थे। उस सीजन में उन्होंने 13 मैचों में 15 विकेट अपने नाम किए थे। उन्होंने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर मेरठ की टीम को कई मैचों में जीत दिलाई थी। हालांकि अभी उनकी नजरें विजय हजारे ट्रॉफी के बचे हुए मैचों पर होंगी। उसके बाद वह आईपीएल 2026 में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.