India's No.#1 Hindi News Channel

मोकामा के विधायक अनंत सिंह पहुंचे विधानसभा, शपथ से पहले छुए CM नीतीश के पैर

बिहार की मोकामा सीट से विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को विधानसभा पहुंचकर पद की शपथ ली। इस दौरान अनंत सिंह ने शपथ से पहले CM नीतीश के पैर भी छुए।

मैं शपथ लेता हूं... सूट-बूट पहन बाहुबली अनंत सिंह ने पहले ली विधायक पद की  शपथ, फिर CM नीतीश के छुए पैर; VIDEO | Republic Bharatबिहार की मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू के विधायक अनंत सिंह मंगलवार को विधायक पद की शपथ लेने के लिए बिहार विधानसभा पहुंचे। बता दें कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तारी के बाद बेउर जेल में बंद होने के कारण वे पहले शपथ नहीं ले पाए थे। हालांकि, कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद अनंत सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में शपथ ली। इस दौरान वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मिले।

अनंत सिंह ने CM नीतीश से आशीर्वाद लिया

बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ लेने से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।आपको बता दें कि इससे पहले सोमवार को पटना सिविल कोर्ट ने जेल में बंद विधायक अनंत सिंह को विधानसभा में शपथ ग्रहण करने की अनुमति दे दी थी। अनंत सिंह दुलारचंद यादव की हत्या के केस में जेल में बंद हैं। जेल में रहते हुए ही अनंत सिंह ने मोकामा से चुनाव में जीत हासिल की थी।

जेल में बंद थे अनंत सिंह

अनंत सिंह बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान ही दुलारचंद यादव की हत्या के केस में जेल चले गए थे। पुलिस ने 2 नवंबर को अनंत सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने जेल से ही जदयू के टिकट पर चुनाव में मोकामा सीट से जीत हासिल की और विधायक बने। तब से आज तक अनंत सिंह पटना के बेउर जेल में बंद थे। पटना सिविल कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई की और उन्हें शपथ ग्रहण की अनुमति दी।

मोकामा का चुनाव परिणाम

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मोकामा विधानसभा सीट पर जदयू ने बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह को मैदान में उतारा था। उनके खिलाफ राजद ने बाहुबली नेता सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को टिकट दिया था। चुनाव में अनंत सिंह को 91416 वोट मिले। वहीं, राजद की वीणा देवी को 63210 वोट मिले। अनंत सिंह ने 28206 वोटों से चुनाव जीत लिया। इस सीट पर तीसरे नंबर पर जन सुराज पार्टी के प्रियदर्शी पियुष रहे जिन्हें 19365 वोट मिले।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.