कोरोना कर्फ्यू का बार-बार उल्लंघन करने पर निगरी पुलिस की बड़ी कार्यवाही जेपी टाउनशिप में 3 दुकानों समेत 4 पर मामला दर्ज (मनीष चौधरी)

वैश्विक महामारी कोरोना के कारण बढ़ते मामलों के मद्देनजर जिला प्रशासन को बार-बार लॉकडाउन की अवधि बढ़ानी पड़ रही है। ऐसे में स्थानीय लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। परंतु कुछ ऐसे भी व्यापारी हैं जो प्रशासन के आदेश की अनदेखी कर लगातार प्रतिष्ठान खोलकर सामाजिक दूरी का उल्लंघन करते नजर आते हैं। जिस कारण कई बार संक्रमण में इजाफा देखा गया है। पुलिस द्वारा कई बार समझाने के बाद भी लगातार उल्लंघन करने वालों पर अब पुलिस सख्त होती दिखाई दे रही है। हाल ही में निगरी चौकी प्रभारी शीतला यादव द्वारा जेपी निगरी टाउनशिप में स्थित 3 दुकानों पर कार्यवाही करते हुए उनके ऊपर मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा लॉक डाउन का उल्लंघन करने पर 1 सब्जी व्यापारी पर भी मामला दर्ज किया गया।
सिंगरौली पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह के निर्देशन, अनुविभागीय अधिकारी आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन एवं निरीक्षक संतोष तिवारी के निगरानी में लगातार भ्रमण कर रही निगरी चौकी प्रभारी शीतला यादव ने गश्त के दौरान सरैहा तिराहे पर रमेश प्रसाद गुप्ता पिता जगदीश गुप्ता उम्र 45 वर्ष को प्रशासन द्वारा दी गई छूट के समय के बाद सब्जी के ठेले निकालने और ठेले पर भीड़ लगाने के आरोप में पकड़ा। वहीं जेपी निगरी टाउनशिप में भ्रमण के दौरान दुकानदार उदित नारायण साहू पिता राम स्वरूप साहू उम्र 32 वर्ष, प्रमोद कुमार साहू पिता बृजलाल साहू उम्र 25 वर्ष एवं गणेश सिंह पिता इंद्रजीत सिंह उम्र 40 वर्ष को प्रशासनिक आदेश का उल्लंघन कर दुकान खोलने को लेकर पकड़ा। नगरी पुलिस ने चारों के विरुद्ध धारा 188, 269, 270 भादवी एवं आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51(2) व महामारी अधिनियम 1851 की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज कर कड़ी हिदायत दी है। वही जे पी प्रबंधन के अधिकारियों को भी स्पष्ट लहजे में समझाया गया है की टाउनशिप में बनी दुकानों से केवल होम डिलीवरी ही कराई जाए।
उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक शीतला यादव के साथ सहायक उपनिरीक्षक विनोद सिंह, रामलल्लू आरक्षक दिलीप, राजेश व धर्मेंद्र शामिल रहे।