भारत पहुंचा UK का सबसे बड़ा युद्धपोत, होगा युद्ध अभ्यास
ब्रिटेन का सबसे बड़ा युद्धपोत एचएमएस क्वीन एलिजाबेथ की भारतीय समुद्री क्षेत्र में एंट्री हो गई है. यह विमानवाहक भारतीय नौसेना के साथ हिंद-प्रशांत महासागर में संयुक्त अभ्यास करेगा. खबर है कि ये अभ्यास अंडमान निकोबार आईलैंड्स के पास पूरे हो सकते हैं. इस दौरान भारतीय पनडुब्बियां, डेस्ट्रॉयर्स और P8I एंटी सबमरीन वारफेयर एयरक्राफ्ट भी शामिल होगा. ब्रिटेन ने हाल ही में गुरुग्राम स्थित इंफार्मेशन फ्यूजन सेंटर-इंडियन ओशियन रीजन में अपना अंतरराष्ट्रीय संपर्क अधिकरी तैनात किया है.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्टस के अनुसार, यह वाहक भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के साथ बंगाल की खाड़ी में कोंकण अभ्यास में शामिल होगा. संभावना जताई जा रही है कि इसके बाद अपने देश लौटने के दौरान अक्टूबर में भी यह समूह अरब सागर में भारतीय सेना की तीनों सेवाओं के साथ अभ्यास में शामिल हो सकता है. 3 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में तीनों सेनाओं के शामिल होने का अनुमान है.
ब्रिटेन के रक्षा सचिव बेन वॉलेस ने इसे काफी अहम बताया है. उन्होंने कहा, समूह भारतीय समुद्री क्षेत्र में प्रवेश कर रहा है और जल्द ही भारतीय नौसेना के साथ अभ्यास करेगा. एचएमएस क्वीन एलिजाबेथ की इस पहली तैनाती के साथ ब्रिटेन का यह समूह 26 हजार नॉटिकल मील से ज्यादा का सफर तय करेगा और इस दौरान 40 देशों के साथ गतिविधियों में शामिल होगा.