गुजरात में ED ने की बड़ी छापेमारी, फर्जी KYC मामले में कई ठिकानों पर कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय ने महाराष्ट्र और गुजरात में एक बड़ी छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया है। यह छापेमारी फर्जी दस्तावेजों और फेक KYC के जरिए बड़ी संख्या में बैंक अकाउंट्स खोलने के मामले में की गई है। ED की टीम ने दोनों राज्यों में कुल 23 स्थानों पर छापे मारे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, नासिक और महाराष्ट्र के मालेगांव, मुंबई शामिल हैं।
![]()
यह मामला एक बड़े फर्जीवाड़े से जुड़ा हुआ है जिसमें आरोपियों ने गरीब और निचले वर्ग के लोगों को लालच देकर उनके दस्तावेजों का उपयोग कर बैंक अकाउंट्स खुलवाए थे। जानकारी के मुताबिक इस गिरोह के मास्टरमाइंड सिराज अहमद हैं, जो चाय और कोल्ड ड्रिंक की एजेंसी चलाते हैं। सिराज अहमद ने अपने संपर्कों के जरिए इन लोगों से उनके दस्तावेज प्राप्त किए और फर्जी तरीके से बैंक अकाउंट्स खोले।
ED के सूत्रों के अनुसार इस फर्जीवाड़े में कुल 14 बैंक अकाउंट्स खोले गए थे और इन खातों के माध्यम से 2200 से ज्यादा ट्रांजेक्शन किए गए थे। इन ट्रांजेक्शनों में कुल 112 करोड़ रुपये का क्रेडिट हुआ, जबकि डेबिट साइड पर 315 ट्रांजेक्शन हुए। यह पूरी प्रक्रिया मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध फंड ट्रांसफर के एक बड़े नेटवर्क से जुड़ी हुई है। मुम्बई की ED टीम ने मालेगांव, नासिक और अन्य स्थानों पर बैंक अकाउंट्स खोलने और फिर बेनामी खातों से 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के फंड को ट्रांसफर करने के मामले में कार्रवाई की है। इन अकाउंट्स में मनी लॉन्ड्रिंग के संकेत मिल रहे हैं और यह भी शक जताया जा रहा है कि इन फंड्स का अवैध उपयोग कई अन्य राज्यों में किया जा सकता है।
Comments are closed.