किसान दिवस पर 32 किसानों को किया गया सम्मानित
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस के अवसर पर सोमवार को किसान दिवस मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें खेती में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 32 किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मांगुराही स्थित कृषि उपनिदेशक कार्यालय परिसर में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने किया। इस दौरान कृषि विभाग, भूमि संरक्षण विभाग, रेशम विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, उद्यान विभाग, महामना फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड सहित अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में सीडीओ जागृति अवस्थी के साथ किसानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कार दिए गए।
नैनी प्रयागराज के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. टीडी मिश्रा ने रबी सीजन में बोई जाने वाली फसलों जैसे गेहूं, चना, मटर, मसूर, सरसों आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
सम्मानित किए गए किसानों में गेहूं उत्पादन के लिए विजय सिंह, चना के लिए संतोष कुमार, धान के लिए मालती देवी, मक्का के लिए राजनाथ भगवती करमा, रागी के लिए राम बहाल सिंह, सांवा के लिए प्रतिमा देवी, कोदो के लिए श्री रामनाथ, पंगेसियश की मत्स्य के लिए शांति देवी, कोया के लिए नंदलाल देवरी, टमाटर के लिए रविंद्र बहादुर, पपीता के लिए दिलीप कुमार और मिर्च के लिए नंदलाल को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 
इसके अतिरिक्त, गाय पालन के लिए रामविचार यादव, बकरी पालन के लिए रामगुलाम यादव और सूकर पालन के लिए शशि कला को भी प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कुल 32 किसानों को उनके उत्कृष्ट कृषि कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि उपनिदेशक जयप्रकाश, डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. अजय कुमार मिश्रा, डीडीएम नाबार्ड आनंद कुमार पांडे और सहायक निदेशक मत्स्य अमित कुमार चौबे सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Comments are closed.