India's No.#1 Hindi News Channel

तरनतारन में NIA का छापा, पीलीभीत में मारे गए आतंकियों से जुड़े तार

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में सोमवार को मारे गए आतंकियों के तार तरनतारन के जगजीत सिंह से जुड़े होने की आशंका के मद्देनजर एनआईए ने जगजीत के घर दबिश दी और उसके परिवार से पूछताछ की। इसके साथ ही तरनतारन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद लैंडा हरिके गैंग के चार साथी गिरफ्तार किए हैं। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच चल रही है।

पंजाब: जालंधर में मुठभेड़ के बाद लांडा गैंग के 2 सदस्य गिरफ्तार, गोलीबारी में घायल हुए पुलिस के 2 जवान

जानकारी के अनुसार जगजीत के पिता जोगिंदर सिंह और दादा सेना में सेवाएं दे चुके हैं। बड़ा भाई गुरजीत सिंह भी सेना में राजस्थान में तैनात है।

जोगिंदर सिंह ने बताया कि दस वर्ष पहले छोटा बेटा जगजीत स्टडी वीजा पर ब्रिटेन गया था। वहां साफ्ट इंजीनियर की पढ़ाई कर डिप्लोमा किया। फिर ब्रिटिश सेना में भर्ती हो गया। अफगानिस्तान के साथ लड़ाई में भी हिस्सा लिया था। आठ वर्ष पहले ही अंतरजातीय विवाह करने पर उसे बेदखल कर दिया था।

पीलीभीत मुठभेड़ में तीन आतंकियों के ढेर होने से बौखलाए खालिस्तानी आतंकी गुरवंत सिंह पन्नू व पाकिस्तान में छिपे आतंकी रंजीत सिंह नीटा ने बदला लेने की धमकी दी है। मंगलवार को पन्नू ने वीडियो प्रसारित किया, जिसमें वह मुठभेड़ का बदला महाकुंभ में लेने की बात कह रहा है।

गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर हमले में शामिल तीन खालीस्तानी आतंकियों के सोमवार को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक मुठभेड़ में मारे जाने और उनसे बरामद हथियारों के बाद नीटा का नाम फिर सुर्खियों में आया है। नीटा मूल रूप से जम्मू के आरएसपुरा के सिंबल कैप क्षेत्र का रहने वाला है।

 

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.