जयपुर : राजस्थान में अग्निवीर भर्ती परीक्षा में डमी कैंडिडेट बैठाने का रैकेट चलानेवाले एक शख्स को जोधपुर पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी 12वीं पास करवाने समेत सभी प्रकार की परीक्षाओं में पास करवाने का ठेका लेने का काम करता था। ध्यान देने वाली बात यह है कि आरोपी खुद डमी कैंडिडेट बैठाकर पास हुआ था।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 12वीं बोर्ड परीक्षा पास करवाने के लिए 25 हजार रुपये लेने का काम करता था। इसके साथ ही परीक्षा के डमी कैंडिडेट भी उपलब्ध करवाने का काम किया करता था। बता दें डमी कैंडिडेट का रैकेट चलाने वाला आरोपी जोधपुर जिले के रातानाडा थाना क्षेत्र का रहनेवाला है।
पुलिस ने आरोपी के बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि अग्निवीर भर्ती के समय ही आरोपी का पता चल गया था, पर डमी कैंडिडेट का कारोबार करने वाला आरोपी पिछले 9 महीने से लगातार फरार था। ऐसे में जोधपुर पुलिस ने डमी कैंडिडेट का कारोबार करने वाले आरोपी को पकड़ने के लिए 5 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
जोधपुर ग्रामीण एएसपी भोपालसिंह लखावत के मुताबिक, अग्निवीर भर्ती में 21 सितंबर को गिरफ्तार किए गए डमी कैंडिडेट मुकेश चौधरी ने पुलिस को पूछताछ के बताया कि वो 12वीं पास करवाने के बदले में 25 हजार रुपये लेता था। अग्निवीर भर्ती में उसने एक डमी परीक्षार्थी भेजा था। डमी अग्निवीर की गिरफ़्तारी की भनक मिलते ही यह भाग गया था, जिसकी पुलिस पिछले 9 महीने से लगातार तलाशी कर रही थी।
पुलिस ने जानकारी दी है कि बीतेक 20 दिसंबर शुक्रवार सुबह 8 बजे के करीब अभ्यर्थी कुलदीप ने अपना बायोमैट्रिक करवाया था। दोपहर 12:30 बजे के करीब कुलदीप आई टेस्ट के लिए ओपीडी में गया। लेकिन टेस्ट शुरू होने से पहले वह वॉशरूम का बहाना बनाकर बाहर आ गया और मुकेश चौधरी को मेडिकल के लिए भेज दिया।
कुलदीप की जगह मुकेश मेडिकल टेस्ट के लिए तो चला गया, पर टेस्ट से पहले लेफ्टिनेंट कर्नल छनी प्रीतसिंह ने उसके हाथ पर लगी मुहर देख ली थी। जो असली मुहर की बजाय पेन से बनी मुहर थी। ऐसे में दोबारा बायो मैट्रिक और रेटिना लिए गए, तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने मुकेश से सख्ती से पूछताछ करनी शुरू कर दी।
Comments are closed.