India's No.#1 Hindi News Channel

कोचिंग नगरी कोटा में एक और छात्र ने की खुदकुशी

राजस्थान के कोटा शहर में नीट तैयारी कर रहे ओडिशा के 18 वर्षीय छात्र ने अपने छात्रावास के कमरे में आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, घटना विज्ञान नगर के आंबेडकर कॉलोनी की है।

कोटा में नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र ने की खुदकुशी (सांकेतिक फोटो)

राजस्थान के कोटा शहर से एक छात्र के सुसाइड का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार,  नीट की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय एक छात्र ने अपने  हॉस्टल के कमरे में  फंदे से लटक कर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अभिजीत गिरी के रूप में हुई है जो ओडिशा के मयूरभंज जिले का रहने वाला था। घटना बृहस्पतिवार रात विज्ञान नगर के आंबेडकर कॉलोनी की है।

‘कमरे से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट’

पुलिस ने बताया कि कमरे से कोई ‘सुसाइड नोट’ नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि घटना उस वक्त सामने आई जब रात करीब आठ बजे भोजनालय का एक कर्मचारी अभिजीत के कमरे में खाना देने गया। ASI लाल सिंह तंवर के अनुसार,  कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कर्मचारी ने हॉस्टल के कुछ और छात्रों के साथ गेट को जबरन खोला तो पाया कि अभिजीत का शव पंखे से बंधे एक फंदे से लटका है। पुलिस ने बताया कि परिजनों को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।

इससे पहले जेईई की तैयारी कर रहे छात्र ने की थी खुदकुशी

पुलिस ने बताया कि हॉस्टल के कमरे में पंखा आत्महत्या रोकथाम उपकरण से लेस नहीं था, जबकि जिला प्रशासन ने हॉस्टल्स में खुदकुशी के मामलों को रोकने के लिए इसके लगाए जाने को अनिवार्य किया था। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि अभिजीत पढ़ाई में अच्छा था और नियमित रूप से कोचिंग क्लासेज में जाता था। बता दें कि कोटा में इस साल किसी कोचिंग छात्र द्वारा की गई खुदकुशी का यह तीसरा मामला है। इसके पहले यहां जेईई की तैयारी कर रहे 20 वर्षीय अभिषेक ने आठ जनवरी को कथित तौर पर अपने पीजी के कमरे में फंदे से लटककर कथित तौर पर खुदकुशी कर ली थी।

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.