India's No.#1 Hindi News Channel

बसपा के टिकट पर लड़ा लोकसभा चुनाव, नौकरी के नाम पर 500 युवकों से करोड़ों की ठगी

लल्लन पर मऊ पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. उसके पास से एक मोबाइल और एक आधार कार्ड मिला है. वर्ष 1998 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था.बसपा के टिकट पर लड़ा लोकसभा चुनाव, नौकरी के नाम पर 500 युवकों से करोड़ों की ठगी; कौन है लल्लन यादव जिसे STF ने दबोचा?

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अबतक सैकड़ों युवाओं से सेना में भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले लल्लन यादव को आखिरकार स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया. एसटीएफ की टीम उससे पूछताछ में जुटी हुई है. लल्लन यादव ने 2024 में लोकसभा का चुनाव भी लड़ा है.

लल्लन यादव ने यूपी के अलग-अलग जिलों से नौकरी के नाम पर ठगी की. गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और बनारस के युवा इसके निशाने पर रहे. एसटीएफ को जानकारी मिली कि लल्लन इस समय वाराणसी के श्रीनगर कॉलोनी के एक लड़के से सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर रहा है. तत्काल एक टीम वहां पहुंची और उसे दबोच लिया.

25 हजार रुपये का इनामी

लल्लन पर मऊ पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. उसके पास से एक मोबाइल और एक आधार कार्ड बरामद किया गया है. एसटीएफ की पूछताछ में लल्लन यादव ने बताया कि वह वर्ष 1998 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था. वर्ष 2010 में उसने सेना से अवकाश लिया तो फिर वापस नहीं गया. इसके बाद सेना में भर्ती कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने लगा.

500 से ज़्यादा युवाओं से करोड़ों की ठगी

एसटीएफ के मुताबिक, अब तक उसने कितने युवाओं से ठगी की, इसका ठीक ठीक अंदाजा लगाना तो मुश्किल है. फिर भी एक अनुमान के मुताबिक, उसने 500 से ज़्यादा युवाओं से करोड़ों की ठगी की है. अब उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके ख़िलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए लोग भी आगे आ रहे हैं.

2024 में लड़ा सांसद का चुनाव

लल्लन यादव सारनाथ के श्रीनगर कॉलोनी का रहने वाला है. 2024 में बलिया लोकसभा क्षेत्र से उसने बसपा के टिकट पर सांसद का चुनाव भी लड़ा. लेकिन वह चुनाव हार गया था. 2017 में उसने अभ्यर्थियों से हर कैंडिडेट नौकरी के नाम पर 3 लाख रुपये लिए. वह राजनीति प्रभाव दिखाकर पैसा वापस करने को लेकर टालमटोल करता रहा. वाराणसी, मऊ और गाजियाबाद में इसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं.

अन्य अपडेट लगातार पाने के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें| आप हमें ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं| आप हमारा एंड्राइड ऐप भी डाउनलोड कर सकते है|

Comments are closed.