यूपी के BJP विधायक ने किया अपना पिंडदान और बन गए महाकुंभ में महामंडलेश्वर
पीलीभीत से भाजपा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद प्रयागराज महाकुंभ में महामंडलेश्वर बन गए हैं. निर्मल अखाड़े ने उन्हें महामंडलेश्वर बनाया है.
प्रयागराज महाकुंभ में अखाड़े अपना-अपना विस्तार कर रहे हैं. अखाड़े लगातार अपने-अपने अखाड़ों को महामंडलेश्वर और महंत बना रहे हैं. बता दें कि अब भाजपा विधायक भी महामंडलेश्वर बन गए हैं. उन्होंने महामंडलेश्वर बनने से पहले अपना पिंडदान कर दिया है.
2022 में जीते थे चुनाव
बता दें कि अक्रियधाम खमरिया पीलीभीत के पीठाधीश्वर स्वामी प्रवक्तानंद साल 2022 के विधानसभा चुनाव में विधायक बने थे. वह पीलीभीत की बरखेड़ा सीट से भाजपा एमएलए हैं. साल 2003 में उनके गुरु स्वामी अलकनंदा ने उनको दीक्षा दिलाई थी. तब से वह समाज सेवा और धर्म सेवा के कार्य में लगे हुए हैं. जानकारी के मुताबिक, वह बचपन से ही आस्थावान थे और संत परंपरा का निर्वाह कर रहे थे. अब निर्मल अखाड़े ने उनको महामंडलेश्वर बना दिया.
ममता कुलकर्णी भी बन चुकी हैं महामंडलेश्वर
इससे पहले प्रयागराज महाकुंभ में ही बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी भी महामंडलेश्वर बनी थी. किन्नर अखाड़े ने उनको महामंडलेश्वर बनाया था. महामंडलेश्वर बनने से पहले ममता कुलकर्णी ने संन्यास लिया था और अपना पिंडदान भी किया था. ममता कुलकर्णी का महामंडलेश्वर बनना काफी चर्चाओं में और विवादों में रहा था.
Comments are closed.