महाकुंभ भगदड़ में साजिश की ओर इशारा कर रहे कई इनपुट: DIG वैभव कृष्णा
बीते बुधवार के दिन यानी मौनी अमावस्या के मौके पर क्या प्रयागराज महाकुंभ के झूसी क्षेत्र में भी भगदड़ मची थी? इस सवाल का जवाब अभी तक प्रशासन ने नहीं दिया था. दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर इस भगदड़ के वीडियो और फोटो खूब वायरल हैं. अब पहली बार झूसी भगदड़ को लेकर महाकुंभ मेला क्षेत्र डीआईजी वैभव कृष्ण ने बयान दिया है. इसी के साथ उन्होंने भगदड़ की साजिश को लेकर भी बड़ी बात बताई है.
झूसी भगदड़ को लेकर ये बोले डीआईजी वैभव कृष्ण
झूसी भगदड़ को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच महाकुंभ मेला क्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने पहली बार माना है कि झूसी में भी उस दिन भगदड़ जैसे हालात थे. डीआईजी ने कहा, वहां लोग घायल हुए थे और लोगों को अस्पताल ले जाया गया था. उन्होंने आगे कहा, झूसी घटना के दौरान कितनी मौत हुई या कितने घायल हुए, ये बताना काफी मुश्किल है, क्योंकि उस दौरान महाकुंभ में कई जगह प्रेशर प्वाइंट बने थे.
महाकुंभ भगदड़ में साजिश को लेकर ये बोले
इसी बीच ये भी खबर आई है कि एसटीएफ को संगम नोज में मची भगदड़ में साजिश के इनपुट मिले हैं. इसको लेकर महाकुंभ मेला क्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा, मौनी अमावस्या के दिन जो भगदड़ मची, उशकी साजिश के एंगल से भी जांच की जा रही है. उन्होंने आगे कहा, जांच के दौरान ऐसे कई इनपुट मिले हैं, जो इस तरफ इशारा करते हैं.
बसंत पंचमी अमृत स्नान को लेकर ये बोले डीआईजी
बसंत पंचमी के दिन होने वाले अमृत स्नान को लेकर डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा, इसबार लोगों से यहां रात में नहीं रुकने, सड़क किनारे नहीं बैठने की अपील की जा रही है. इस बार लोगों को स्नान के बाद यहां रुकने नहीं दिया जाएगा. अच्छी संख्या में फोर्स लगाई गई है.
Comments are closed.