दुद्धी में टेंडर प्रक्रिया पर उठे सवाल, पारदर्शिता को लेकर ग्रामीणों की मांग
दुद्धी, सोनभद्र। प्रदेश सरकार गाँवों में विकास कार्यों की पारदर्शिता को लेकर संकल्पित है और निविदा प्रकाशन एवं टेंडर प्रक्रिया में निष्पक्षता बरतने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। लेकिन दुद्धी ब्लॉक में कुछ सचिवों द्वारा सेटिंग के तहत अल्पकालीन निविदा प्रकाशन कर अपने चहेतों को सप्लायर बनाने का खेल शुरू कर दिया गया है, जिससे वित्तीय वर्ष की शुरुआत होते ही सवाल उठने लगे हैं। कुछ तथाकथित सचिवों के सप्लायर ही निविदा छपवाने का प्रोफार्मा तैयार करवा रहे हैं ताकि निविदा डालने की तारीख केवल उन्हें ही पता हो और अन्य कोई आवेदन न कर सके। स्थिति यह है कि जिन ग्राम पंचायतों के टेंडर प्रकाशित हुए हैं, वहां न तो टेंडर फॉर्म उपलब्ध हैं और न ही निविदा बॉक्स रखा गया है।
ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि टेंडर प्रक्रिया को लेकर पंचायत कार्यालय पर न तो कोई नोटिस चस्पा किया गया है और न ही फॉर्म की बिक्री हो रही है। इससे स्पष्ट होता है कि टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता बरती जा रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी महोदय से मांग की है कि ग्राम पंचायत कार्यालय में टेंडर प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए और इसे पंचायत कार्यालय से ही संपन्न कराया जाए, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो सके और सरकारी धन का दुरुपयोग रोका जा सके।

Comments are closed.